शिक्षकों के भारी विरोध के मद्देनजर शिक्षा मंत्री के सभी कार्यक्रम रद्द,रफ्तार पकड़ रहा है शिक्षकों का आंदोलन
पटना।प्रदेश भर में शिक्षकों के तीव्र विरोध एवं आंदोलन के वजह से सरकार की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।शिक्षकों के विरोध को देखते हुए एक खुफिया रिपोर्ट के मद्देनजर प्रदेश के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने 15 मार्च तक के लिए अपने सारे सरकारी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। हालांकि सरकारी कार्यक्रमों को रद्द करने के संबंध में अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया गया है।मगर माना जा रहा है कि शिक्षकों के आंदोलन से डर कर प्रदेश के शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा के कई जिलों में होने वाले कार्यक्रम को रद्द किया गया है।इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस की विशेष शाखा के पुलिस अधीक्षक के द्वारा राज्य भर के जिलाधिकारियों को प्रेषित पत्र के अनुसार समान काम समान वेतन तथा निलंबन वापस करने की मांग को लेकर 12 मार्च से 14 मार्च तक सभी जिला मुख्यालय स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों का घेराव करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस मामले पर विशेष शाखा के रिपोर्ट को देखते हुए शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा के आप्त सचिव अमित कुमार के द्वारा पटना, सारण,वैशाली,मुजफ्फरपुर,मोतिहारी बेतिया तथा बगहा के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को सूचनार्थ प्रेषित किया गया है।जिसमें दिनांक 13 मार्च से लेकर 15 मार्च तक निर्धारित कार्यक्रमों को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किए जाने की बात कही गई है।उल्लेखनीय है कि आज से पूरे प्रदेश में शिक्षकों का आंदोलन रफ्तार पकड़ने जा रहा है।टीईटी शिक्षकों द्वारा पटना के गर्दनीबाग में सामूहिक मुंडन करवाया जाएगा।शिक्षकों ने बताया कि सामुहिक मुंडन कराकर बालों को नियमित शिक्षकों के डीएनए से बालों से मिलान कराने के लिए सरकार को सौंपा जाएगा।


