महाप्रबंधक ने कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की, खोले गए आइसोलेशन वार्ड
हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक एलसी त्रिवेदी ने केन्द्रीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिये अनेक सुविधाओं की शुरूआत की गई। इसी क्रम में महाप्रबंधक ने अस्पताल में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की तथा पूर्व मध्य रेल के चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के लिए दिशा निर्देश जारी किया।
महाप्रबंधक द्वारा अस्पताल में रैम्प, कैंटीन, मरीजों के परिजन के ठहरने हेतु विश्रामगृह, दूषित जल के शोधन हेतु सीवेज ट्रीटमेन्ट प्लांट, विस्तारित दंत विभाग एवं दंत चिकित्सा से संबंधित अन्य उपकरण का उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में महाप्रबंधक ने अस्पताल के सभी वार्ड के साथ-साथ अस्पताल में उपलब्ध आईसीयू का भी गहन निरीक्षण किया। इस मौके पर अस्पताल के कामकाज की समीक्षा भी की गई और अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। इसी क्रम में महाप्रबंधक द्वारा कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड भी खोला गया। इस वार्ड में सभी आवश्यक दवाइयां उपलबध कराई गई हैं, साथ ही महाप्रबंधक ने आवश्यकतानुसार कुछ और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज अथवा कोरोना वायरस के लक्षण वाले मरीज को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा प्रदान करने के लिये रेलवे का जोनल कंट्रोल सेंटर बनाया गया है तथा एक हेल्पलाईन नं. 9264190352 भी किए गए हैं जो 24 घंटे कार्यरत है। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे अस्पताल चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्णत: तैयार है। इसके लिए रेल कर्मचारियों को संवेदी और शिक्षित बनाने के साथ ही संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के साथ सहयोग और तालमेल सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अरूण कुमार शर्मा, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, डॉ. एम. रवि कुमार एवं मुख्यालय तथा दानापुर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ यूनियन के प्रतिनिधिगण भी मौजूद थे।


