बांका में निगरानी का बड़ा ट्रैप: 75 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीओ अमित प्रताप सिंह गिरफ्तार, 24 घंटा पहले खुद भेजा था पूर्व मुखिया को जेल
बांका। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार सुबह बांका में बड़ी कार्रवाई करते हुए फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित प्रताप सिंह को कथित तौर पर 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर की। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम बीडीओ अमित प्रताप सिंह को पूछताछ के लिए बांका परिसदन लेकर पहुंची। इस दौरान मौके पर मौजूद उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी टीम अपने साथ ले गई, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर बिछाया गया जाल
निगरानी विभाग के अनुसार, फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में बीडीओ अमित प्रताप सिंह द्वारा 75 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का गुप्त रूप से सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगे जाने के आरोप की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने ट्रैप की योजना तैयार की।
जैसे ही हाथ में आए 75 हजार, निगरानी टीम ने दबोचा
मंगलवार सुबह डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की विशेष टीम ने नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर जाल बिछाया। आरोप है कि जैसे ही प्रखंड प्रमुख ने रिश्वत की तय रकम 75 हजार रुपये बीडीओ को सौंपी, पहले से तैयार निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी के गिरफ्तारी की खबर फैलते ही फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय से लेकर बांका जिला प्रशासनिक महकमे तक हड़कंप मच गया। निगरानी टीम मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ कर रही है।
बांका में निगरानी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में कथित रिश्वतखोरी के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

