बिहार में भीषण सड़क हादसा: यूपी से मुजफ्फरपुर आ रही स्कार्पियो ट्रैक्टर से टकराई, 12 की मौत
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिला में शनिवार की अहले सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मुजफ्फरपुर के कांटी थाना अंतर्गत एनएच 28 के समरसपुर में अलसुबह यूपी से आ रही एक स्कार्पियो ने ईंट लदे ट्रैक्टर में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे स्कार्पियो के परखचे उड़ गए। वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में ट्रैक्टर सवार मीनापुर के पानापुर निवासी एक मजदूर सहित 12 लोगों की मौत हो गई। मरनेवालों में हथौड़ी के डीहजीवर के 10 और मीनापुर के धारपुर चैनपुर व पानापुर के एक-एक लोग शामिल बताए जाते हैं। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। सभी होली को लेकर यूपी के फैजाबाद और बस्ती से अपने घर लौट रहे थे। मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। वहीं इस भीषण हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिससे एनएच पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को भी वहां से हटा दिया गया है, जिसके बाद आवागमन शुरू हो सका।


बता दें इस हादसा में हथौड़ी के डीह जीवर गांव के 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि गोकुल मांझी (मीनापुर के पानापुर) व अरुण सहनी (मीनापुर के चैनपुर निवासी) की भी मौत हो गई। वहीं अजय सहनी, दीनानाथ सहनी व रोहिन साह (सभी हथौड़ी के डीह जीवर) घायल हैं। रोहिन साह की स्थिति गंभीर होने पर निजी नर्सिंग होम से पटना रेफर कर दिया गया है। हथौड़ी डीहजीवर के बिकाऊ सहनी ने बताया कि उन्हें भी इन्हीं लोगों के साथ स्कार्पियो से घर आना था, लेकिन कल रात कुछ अन्य लोग ट्रेन से आ रहे थे। मैं भी उनके साथ ही आ गया। सुबह ही घटना की जानकारी मिली। हमलोग वर्षों से यूपी के फैजाबाद व बस्ती इलाके में रहकर मकान बनाने का काम करते हैं।
हादसे में एक ही परिवार के तीन व दो अन्य परिवार के दो-दो सदस्यों की मौत हो गई है। रामनंदन सहनी के पुत्र राजू सहनी, रामवरण सहनी व पौत्र कमलेश सहनी की मौत हो गई। वहीं अरुण साह के दो पुत्रों मनीष साह व विकास कुमार और जयकरण सहनी व रितिक रोशन (चाचा-भतीजा) की मौत को गई। एक साथ 12 शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच पहुंचने पर वहां अफरातफरी मच गई। पोस्टमार्टम हाउस के पास परिजनों व लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों के चित्कार से परिसर गमगीन हो गया।

