कॉमन सर्विस सेंटर उद्घाटन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

  • मत्स्यजीवी समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल: हरि सहनी

मुजफ्फरपुर। बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ के तत्वावधान में तिरहुत दरभंगा क्षेत्रीय मत्स्यजीवी सहकारी संघ के उद्घाटन का भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के मत्स्यजीवी समाज, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का सम्मान किया गया तथा कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश कश्यप, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ ने अपने संबोधन में कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण एवं मत्स्यजीवी समुदाय के लिए डिजिटल सेवाओं का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इससे सरकारी योजनाओं की जानकारी, ऑनलाइन सेवाएं, बीमा, बैंकिंग एवं अन्य सुविधाएं सीधे आम लोगों तक पहुंच सकेंगी, जिससे आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता हरि सहनी, माननीय सदस्य, बिहार विधान परिषद एवं पूर्व मंत्री, बिहार सरकार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि डिजिटल इंडिया के तहत हर गांव तक सेवाएं पहुंचे। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उत्पन्न करेगा और मत्स्यजीवी समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लालबाबू सिंह, निदेशक, तिरहुत दरभंगा क्षेत्रीय मत्स्यजीवी सहकारी संघ ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया और इस पहल को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अरुण सहनी, निदेशक एवं प्रयाग सहनी, अध्यक्ष, बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के केंद्रों के माध्यम से मत्स्यजीवी समुदाय को नई दिशा और पहचान मिलेगी तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी आय एवं जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकेगा। कार्यक्रम में सीएससी के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिसमें सरकारी योजनाओं का पंजीकरण, डिजिटल भुगतान, बीमा सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं, प्रशिक्षण एवं अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं शामिल हैं।कार्यक्रम के दौरान सीएससी केंद्र का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सीएससी के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं जैसे- सरकारी प्रमाण पत्र एवं ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग एवं बीमा सेवाएं, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, मत्स्य पालन से संबंधित योजनाएं, डिजिटल भुगतान एवं ई-गवर्नेंस सेवाएं, प्रशिक्षण एवं रोजगार संबंधी सेवाएं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में इस प्रकार की जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं को और अधिक व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा, ताकि मत्स्यजीवी समाज को अधिकतम लाभ मिल सके। यह कार्यक्रम न केवल एक केंद्र के उद्घाटन तक सीमित रहा, बल्कि यह मत्स्यजीवी समाज के डिजिटल सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। इस कार्यक्रम में कॉफ्फेड के निदेशक प्रदीप सहनी, नरेश सहनी, प्रो० जयनंदन प्रसाद, सुश्री सिमरन, सदस्य लड्डू सहनी एवं कॉफ्फेड के पदाधिकारीगण् रानी सहनी, रवि राज एवं राहुल कुमार आदि उपस्थित थे।