रामनवमी पर पटना में विशेष यातायात व्यवस्था, महावीर मंदिर क्षेत्र में वाहनों की एंट्री बंद
- 26 मार्च रात 8 बजे से 27 मार्च रात 11 बजे तक लागू रहेगा विशेष प्लान, लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी
- वैकल्पिक मार्ग तय, रेल यात्रियों को करबिगहिया मार्ग से आने की सलाह
पटना। रामनवमी के पावन अवसर पर पटना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। राजधानी के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार भी व्यापक ट्रैफिक योजना बनाई गई है। यह विशेष व्यवस्था 26 मार्च की रात 8 बजे से शुरू होकर 27 मार्च की रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन के निर्देशानुसार इस अवधि के दौरान महावीर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। मंदिर की ओर किसी भी दिशा से वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। विशेष रूप से आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा पटना जंक्शन गोलंबर से लेकर वीणा सिनेमा रोड तक भी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से आने वाले वाहनों को जमाल रोड दक्षिण की तरफ से यू-टर्न लेकर वापस भेज दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान केवल पैदल श्रद्धालुओं को ही मंदिर तक पहुंचने की अनुमति होगी, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दर्शन के लिए आने वाले लोग वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी द्वार से प्रवेश करेंगे, जो आर ब्लॉक के पास स्थित है। यहां से श्रद्धालु कतारबद्ध होकर वीर कुंवर सिंह पार्क, जीपीओ गोलंबर होते हुए महावीर मंदिर तक पहुंचेंगे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को डाकबंगला और गोरियाटोली मार्ग से बाहर निकाला जाएगा। डाकबंगला चौराहा से लेकर पटना जंक्शन तक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। डाकबंगला के रास्ते पटना जंक्शन जाने वाले वाहन एग्जीबिशन रोड से गोरियाटोली तक जा सकेंगे और वहां से जमाल रोड दक्षिण के जरिए यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। मेट्रो निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए जुलूसों के लिए भी विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा की ओर जाने वाले जुलूस स्वामीनंदन तिराहा, एसपी वर्मा रोड और न्यू डाकबंगला रोड के रास्ते आगे बढ़ेंगे। यातायात पुलिस ने रेल यात्रियों से अपील की है कि वे पटना जंक्शन जाने के लिए करबिगहिया प्रवेश मार्ग का अधिक से अधिक उपयोग करें। कोतवाली थाना से बुद्ध मार्ग होते हुए जीपीओ रेलवे ओवर ब्रिज के जरिए करबिगहिया पहुंचा जा सकता है। गौरतलब है कि बुद्ध मार्ग में जीपीओ फ्लाईओवर के नीचे भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसके अलावा वीरचंद पटेल पथ से अदालतगंज रोड के रास्ते बुद्ध मार्ग की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। 27 मार्च को शाम 5 बजे के बाद झांकियों का आगमन शुरू होने के साथ ही अतिरिक्त प्रतिबंध लागू कर दिए जाएंगे। बेली-बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर की ओर ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। यदि किसी को गांधी मैदान की ओर जाना है, तो वे बोरिंग रोड चौराहा और राजापुर पुल के रास्ते जा सकते हैं। वहीं करबिगहिया स्टेशन जाने के लिए आर ब्लॉक फ्लाईओवर का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और केवल वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। रामनवमी के इस बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।


