नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से बिहार में उत्सव का माहौल : प्रभाकर मिश्र
पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि माननीय नितिन नबीन जी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पूरे बिहार में उत्सव का माहौल है। यह सम्मान न केवल नितिन नबीन जी का, बल्कि समूचे बिहार का गौरव है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से बिहार के लोग गर्व और हर्ष से अभिभूत हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा ने हमेशा बिहार को मान-सम्मान देने का कार्य किया है। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर भाजपा ने बिहार के स्वाभिमान को नई ऊँचाई दी। केंद्र सरकार ने बिहार को दो केंद्रीय विश्वविद्यालय, एम्स और अनेक राष्ट्रीय संस्थान देकर यह स्पष्ट किया है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्राथमिकता में बिहार सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार विकास के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज यह गर्व का विषय है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा की बागडोर एक बिहारी के हाथ में है। नितिन नबीन जी के नेतृत्व में भाजपा नई ऊर्जा, नई सोच और ‘नवीन’ नीतियों के साथ और अधिक मजबूत होगी। बिहार के लाल के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा को समर्पित एक वैचारिक आंदोलन है। नितिन नबीन जी इस पहचान को और सुदृढ़ करेंगे। नितिन नबीन जी को विश्व के सबसे बड़े दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं और अभिनंदन दिया।


