कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति देश को तोड़ने वाली है: प्रभाकर मिश्रा
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने आज एक बयान जारी कर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के वक्तव्य ने एक बार फिर ऐतिहासिक तथ्यों को स्पष्ट किया है कि ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस ने शुरुआत से ही समझौते की राजनीति की। मुस्लिम लीग की आपत्तियों के सामने कांग्रेस का झुकना न केवल उस समय राष्ट्रभावना पर चोट था, बल्कि यह देश की एकता और अस्मिता के प्रतीकों को कमजोर करने वाली राजनीतिक प्रवृत्ति का परिचायक भी था। नेहरू द्वारा जिन्ना के दबाव में लिए गए निर्णय और मुस्लिम लीग की राजनीति के आगे कांग्रेस का घुटने टेकना यह दर्शाता है कि ‘वंदे मातरम्’ को सम्मान दिलाने की भावना तब भी कमजोर पड़ी थी और आज भी वही सोच विवाद पैदा करने की कोशिश करती है। प्रधानमंत्री ने सही कहा कि कांग्रेस की यह प्रवृत्ति ऐतिहासिक भी है और वर्तमान भी—राष्ट्रीय गौरव के मुद्दों पर अस्पष्टता और समर्पण की राजनीति। ‘वंदे मातरम्’ हमारे स्वाधीनता संग्राम की आत्मा है, और इसे सम्मान देना हर भारतीय का कर्तव्य है। देश उन ताकतों को स्वीकार नहीं कर सकता जो राष्ट्रभावना के प्रतीकों को बार-बार सवालों के कटघरे में खड़ा करती हैं।


