February 21, 2026

अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार 10 लाख के आभूषण व सवा लाख रुपये लूटे

मधुबनी। बिहार में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधी बेखौफ होकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के राजनगर-बाबूबरही पथ पर मजरही पुल के पास रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर उनकी स्कूटी में रखे दस लाख के आभूषण और सवा लाख रुपये लूट लिए। अपराधियों ने व्यवसायी को कमर के नीचे तीन गोलियां मारी है। डीएमसीएच में इलाज जारी है। वे खतरे से बाहर बताए जाते हैं।
घायल व्यवसायी श्रवण साह (45) ने स्थानीय सीएचसी में बताया कि वह स्कूटी से भगवानपुर जा रहे थे। जैसे ही मजरही पुल से आगे बढ़े तो दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने ओवरटेक कर रोका। इसके बाद पिस्टल दिखा कर डिक्की की चाबी मांगने लगे। स्थिति को भांपते हुए वे स्कूटी छोड़कर पैदल पूरब दिशा की ओर भागने लगे। लेकिन, अपराधियों ने पीछा कर ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारीं। तीनों गोलियां कमर के नीचे लगी। इसके बाद स्कूटी की डिक्की में रखे दस लाख के आभूषण और सवा लाख रुपये नकदी लूटकर अपराधी आराम से भाग निकले। आवाज सुनकर जुटे लोगों ने जख्मी को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेजा गया। वहां से डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। उधर, सूचना के बाद स्थानीय थानाध्यक्ष अमृत कुमार साह घटनास्थल व सीएचसी पहुंचे। वहीं एसडीपीओ सदर कामिनी बाला व बाबूबरही थानाध्यक्ष संजय कुमार ने भी दोनों स्थानों का जायजा लिया।
इस मामले में सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला गया। इसमें बाइक सवार अपराधियों के चेहरे दिखे हैं। इस आधार पर पुलिस ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है। दिनभर जिले में बाइक जांच की गई।

You may have missed