January 17, 2026

पुलवामा हमला के एक साल : शहीद संजय की शहादत के अवसर पर आयोजित होंगे कई कार्यक्रम

संवाद सहयोगी, मसौढी। पुलवामा हमले में शहीद हुए संजय कुमार सिन्हा की पहली बरसी पर शुकवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहीद के घर पर पूजा-पाठ के बाद किया जाएगा प्रतिमा का अनावरण
14 फरवरी यानि शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से शहीद संजय कुमार सिन्हा के घर तारेगना मठ पर पूजा पाठ होगा। इस बाबत शहीद के पिता महेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पूजा पाठ के बाद शहीद के संगमरमर की प्रतिमा का अनावरण घर के बाहर बनाए गए चबूतरे पर किया जाएगा। इसके बाद शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व श्रद्धाजंलि अर्पित की जाएगी। हालाकि यह कार्यक्रम मुख्य रूप से पारिवारिक ही है। लेकिन आयोजन की तैयारी में स्थानीय सामाजिक संस्था आर्यभट्ट परिवार मंच ने बढ चढकर हिस्सा लिया है और इसमें स्थानीय नागरिक व प्रशासनिक अधिकारियों के भी भाग लेने की संभावना है।
कैंडल मार्च व सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन
शहीद संजय की शहादत के मौके पर शुक्रवार की शाम 4 बजे आदित्य डांस स्टूडियो द्वारा स्थानीय स्टेशन परिसर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उक्त मार्च मसौढी बाजार होते हुए स्थानीय गांधी मैदान पहुंचेगा। कैंडल मार्च के बाद आदित्य डांस स्टूडियो के तत्वाधान में शाम 5:30 बजे गांधी मैदान में शहीद संजय के नाम पर एक शाम शहीदों के नाम से देश भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्घाटन शहीद की पत्नी बेबी देवी करेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय सांसद रामकृपाल यादव, विधायक रेखा देवी, सिटी एसपी (पूर्वी) जितेंद्र कुमार समेत स्थानीय पदाधिकारी शिरकत करेगें। इस दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन शनिवार को पूर्वाह्न 2:30 बजे से गांधी मैदान में नृत्य व गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कुर्मी महापंचायत के तत्वावधान में होगी श्रद्धांजलि सभा
शहीद संजय की शहादत की पहली बरसी पर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जसवार कुर्मी महापंचायत,पटना के तत्वावधान में नदवां स्थित नंद मार्केट में एक श्रद्धाजंलि सभा आयोजित की जाएगी।

You may have missed