बिहार के 7 नए मंत्रियों में विभागों का बंटवारा: संजय सरावगी बने भूमि सुधार मंत्री, संतोष सुमन से लिए गए दो विभाग

- डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की भी पावर घटी, नितिन नवीन से वापस लिया गया नगर विकास मंत्रालय
पटना। गुरुवार को बिहार के 7 नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बेटे संतोष सुमन से 2 विभाग वापस ले लिए हैं। पहले संतोष सुमन के पास 3 विभाग सूचना प्रौद्योगिकी, लघु जल संसाधन और आपदा प्रबंधन का जिम्मा था। अब उनके पास सिर्फ लघु जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की भी पावर कम हुई है। उनके पास पहले पथ निर्माण, कला संस्कृति और खनन विभाग की जिम्मेदारी थी। अब उनसे कला संस्कृति और पथ निर्माण विभाग ले लिया गया है। उन्हें खनन और कृषि विभाग का जिम्मा मिला है। वहीं नितिन नवीन के पास से नगर विकास विभाग का जिम्मा वापस लेकर जीवेश मिश्रा को दिया गया है। नितिन नवीन अब पथ निर्माण विभाग संभालेंगे। संजय सरावगी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वहीं नए मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा करने के लिए कई पुराने मंत्रियों का विभाग भी बदला गया है। यानि पहले जो मंत्री एक से अधिक विभाग संभाल रहे थे अब उनके कुछ विभागों को नए मंत्रियों के बीच बांटा गया है। मंत्रियों के विभागों के बंटवारे से जुड़े नोटिफिकेशन के अनुसार बीजेपी कोटे से मंत्री बने संजय सरावगी को बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। संजय सरावगी को बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार का मंत्री बनाया गया है। पहले इस विभाग को बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल संभाल रहे थे। लेकिन, दिलीप जायवसाल ने कल कैबिनेट विस्तार से पहले इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में अब उनकी जगह संजय सरावगी इस बड़ी जिम्मेदारी को संभालेंगे।
नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा
संजय सरावगी- राजस्व एवं भूमि सुधार
जीवेश मिश्रा- नगर विकास एवं आवास विकास
सुनील कुमार- वन एवं पर्यावरण विभाग
राजू सिंह- पर्यटन मंत्री
मोतीलाल प्रसाद- कला एवं संस्कृति मंत्री
कृष्ण कुमार मंटू- सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री
विजय मंडल- आपदा प्रबंधन विभाग
पुराने मंत्रियों का भी बदला विभाग
बिहार में पुराने मंत्रियों के विभाग में भी फेरबदल किया गया है। यानि अब बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को कृषि और खनन, वहीं नितीन नवीन को पथ निर्माण विभाग मिला है। बता दें, पहले पथ निर्माण विभाग विजय सिन्हा के पास था। वहीं जीवेश मिश्रा को नगर विकास विभाग दिया गया है। पहले यह विभाग पहले नितिन नवीन के पास था। जानकारी के अनुसार नीतीश कैबिनेट में पुराने मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर उनका विभाग बदला गया है। वहीं अब मंगल पांडेय के पास स्वास्थ्य और विधि विभाग रहेगा। वहीं नीतीश मिश्रा के पास सिर्फ उद्योग विभाग की ज़िम्मेदारी होगी। बुधवार को बीजेपी के 7 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। कल यानी शुक्रवार को बजट सत्र शुरू हो रहा है। इसके पहले मंत्रियों के विभाग बांट दिए गए हैं।
चुनाव से पहले कैबिनेट विस्तार
अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से 7 महीने पहले बुधवार को नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। 7 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। इनमें से 4 मिथिलांचल इलाके से हैं। इन्हें मिलाकर अब मिथिलांचल से 6 मंत्री हो गए हैं। मंत्री बनाए गए सभी विधायक भाजपा के हैं। इनमें 3 पिछड़े, 2 अति पिछड़े और 2 सवर्ण समुदाय से हैं। राज्य में एनडीए सरकार का 13 महीने में यह तीसरा विस्तार है। नीतीश सरकार में अब 36 मंत्री हैं। इनमें भाजपा के 21, जेडीयू के 13, बाकी एक हम से और एक निर्दलीय हैं।
मौजूदा कैबिनेट में 36 मंत्री, भाजपा के 21
नीतीश कुमार की मौजूदा कैबिनेट में कुल 36 मंत्री हो गए हैं। 6 मंत्रियों की जगह खाली थी। बुधवार को दिलीप जायसवाल के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद 7 जगह खाली हो गईं थी। दरभंगा से बीजेपी विधायक संजय सरावगी ने सबसे पहले शपथ ली। इसके बाद सुनील कुमार (बिहार शरीफ), जीवेश मिश्रा (जाले), राजू सिंह (साहेबगंज), मोतिलाल प्रसाद (रीगा), कृष्ण कुमार उर्फ मंटू (अमनौर), विजय मंडल (सिकटी) मंत्री बने।
