पटना में जमीनी विवाद में युवक के घर बमबाजी: एक के बाद एक तीन बम फेंके, पूर्व मुखिया समेत तीन पर आरोप
पटना। मनेर में एक घर पर बमबाजी हुई है। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार रात अचानक मेरे घर पर एक के बाद एक तीन बम फेंके गए। जिसमें घर का दरवाजा, दीवार और गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित ने पूर्व मुखिया और उनके दो साथियों पर आरोप लगाते हुए बुधवार को एफआईआर दर्ज कराई है। जमीन के 30 लाख रुपए के लेनदेन को लेकर दोनों पक्ष में पुराना विवाद चल रहा है। पीड़ित पक्ष ग्यासपुर निवासी किशोर कुमार मिश्र का कहना है कि उन्होंने आरोपी पक्ष को जमीन बेचा था। बाद में विवाद होने पर पूरा पैसा लौटा दिया था। अब ब्याज की डिमांड कर रहे हैं। इसे लेकर महीनों से डरा-धमका रहे हैं। इसलिए घर पर बमबाजी की है। मुझे धमकी देते हुआ कहा था कि 48 घंटे के अंदर पूरे परिवार को अंजाम भुगतना पड़ेगा। बच्चों को किडनैप करने की भी कोशिश की गई थी। मेरी और परिवार के लोगों की कभी भी हत्या हो सकती है। इधर, घटना के बाद जांच के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि बमबाजी हुई है, लेकिन लो एक्सप्लोसिव इस्तेमाल किया गया है। हम लोग जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
30 लाख रुपए को लेकर है विवाद
पीड़ित किशोर मिश्र ने बताया कि पूर्व मुखिया मनोज और उनके दो साथी मुकेश और कुणाल मेरे घर आए थे। उस वक्त हमलोग घर पर नहीं थे। मेरे परिजन ने कहा कि वो रात में आएंगे। इसके बाद तीनों अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। कुछ महीने पहले भी उन लोगों ने हथियार दिखाकर मेरे रिश्तेदार को धमकाया था। बच्चे को किडनैप करने की बात कही थी। अब घर पर हमला हुआ है। डीएसपी पंकज कुमार ने बताया यह घटना जमीन और पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ी है। किशोर मिश्र का आरोप है कि पूर्व मुखिया और उनके साथियों ने बम से अटैक किया है। दोनों के बीच जमीन के पैसे के लेनदेन का विवाद चल रहा था। मामले की छानबीन की जा रही है। बमबाजी में कोई घायल नहीं हुआ है। बताया जा रहा है किशोर मिश्र ने कुछ साल पहले पूर्व मुखिया को जमीन बेची थी। जमीन के बदले उसे 30 लाख रुपए भी मिले थे, लेकिन बाद में जमीन का मामला फंस गया था। जिसकी वजह से दोनों पक्ष के बीच विवाद हो गया। इधर पूर्व मुखिया मनोज कुमार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार न तो जमीन दे रहा है और न ही पैसे लौटा रहा है। उनका आरोप है कि किशोर कुमार पैसा हड़पने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।


