September 17, 2025

लालू और केजरीवाल भ्रष्टाचार मामले में एक समान, अब बिहार फिर अपने 20 साल पुराने दौड़ में नहीं लौटेगा : सम्राट चौधरी

पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत के बाद बिहार भाजपा में जबरदस्त उत्साह है। एनडीए के सभी दलों के नेता दावा कर रहे हैं कि दिल्ली के नतीजों का असर बिहार पर दिखेगा। इस बीचउपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हर राज्य की परिस्थिति अलग होती है, लेकिन यह भी सच्चाई है कि विधानसभा के चुनाव में केजरीवाल की तरह लालू प्रसाद की पार्टी को भी करारी हार का सामना करना पड़ेगा। नीतीश कुमार को जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजद 2014 के संसदीय चुनाव में जीरो पर आउट हो चुका है। सम्राट चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि दिल्ली और बिहार की सामाजिक बनावट में अंतर हो सकता है, लेकिन अरविंद केजरीवाल और लालू प्रसाद में काफी समानताएं हैं। दोनों ही भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं। दोनों ने जेल से सरकार चलाने की कोशिश की और दोनों ही अपने अहंकार के आगे गठबंधन के सहयोगी दलों का अपमान करते हैं। राजद के लोग अपने कार्यकर्ताओं का मन बहलाने के लिए जो भी बयान देते हों, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दावा किया कि बिहार 20 साल पीछे लौटने वाला नहीं है। बिहार की जनता राजद शासन के पुराने दौर से आगे निकल चुकी है। सम्राट चौधरी ने कहा कि अब जाति और झूठे वादों पर नहीं, बल्कि पीएम मोदी और नीतीश कुमार के विकास की गारंटी पर लोग वोट देते हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए 225 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में है। डबल इंजन की सरकार ने बिहार के विकास के लिए काफी काम किया है। केंद्र सरकार ने बजट में बिहार को बहुत कुछ दिया है। ऐसे में जनता का आशीर्वाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ है।

You may have missed