जगदेव प्रसाद के बताए रास्ते पर काम कर रहे सीएम नीतीश : शिक्षा मंत्री
पटना। शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछड़ा- अतिपिछड़ा समाज के लिए जो किया, वह देश के लिए मिशाल बन रहा है। इसी वजह से यह कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार जगदेव प्रसाद के बताये रास्ते पर चल रहे हैं। मंत्री श्री वर्मा स्थानीय पटेल सेवा संघ में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के द्वारा आयोजित अमर शहीद जगदेव प्रसाद की 98वीं जयंती को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय युवा कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. शक्ति कुमार शोला ने कहा कि सीएम नीतीश जगदेव बाबू के अधूरे सपने को साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के आरक्षण की वजह से ही आज पिछड़ा, अतिपिछड़ा, महिला व दलित समाज के लोग मुखिया, सरपंच, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य जैसे पदों को सुशोभित कर रहे हैं। समारोह के मुख्य अतिथि महासभा के संरक्षक मोती लाल शास्त्री ने कहा कि महासभा के लोग समाज के एकजुटता के लिए राज्य के जिलों में भ्रमण करेंगे और समाज की एकजुटता का परिचय देंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता भंग करने पर राष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष युगल किशोर कुशवाहा ने कहा कि जिन्हें अपने प्रदेश के लोग नहीं जानते वे अपने को महासभा के स्वयं भू अध्यक्ष कह रहे हैं, इसका असली फैसला कुशवाहा समाज के लोग करेंगे। इस मौके समारोह का संचालन अरविन्द ज्योति, स्वागत महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बबन कुशवाहा व धन्यवाद ज्ञापन युवा प्रदेश अध्यक्ष अंजनी कुशवाहा ने किया। इस मौके पर मंत्री रामसेवक सिंह, विधायक उमेश कुशवाहा, पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा, पूर्व विधान पार्षद राजकिशोर सिंह कुशवाहा, विरेन्द्र सिंह दांगी, अनिता कुशवाहा, महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री शिवशरण कुशवाहा सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।


