आम बजट : एनडीए नेताओं ने बजट को बताया लाभकारी और उम्मीदों पर खरा उतरने वाला बजट

पटना। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट को बिहार एनडीए नेताओं ने लाभकारी और उम्मीदों पर खरा उतरने वाला बजट बताया है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि आम बजट सवा अरब देशवासियों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है। तरक्की के नये द्वार खुलेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने बजट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास नारा को मूर्त किया है। बजट में तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के अलावे छोटे, मंझौले व बड़े उद्योगों में केंद्र सरकार ने दरियादिली दिखाई दी है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने आम बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह उम्मीदों पर खरा उतरने वाला है। आयकर में रियायत से मध्यम वर्गीय लोगों को राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दी है। वहीं जदयू नेताओं ने केंद्रीय बजट को लाभकारी बताया है। इस संबंध में जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा ने कहा है कि इस बार के बजट में किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के लिए जो 16 सूत्री कार्ययोजना प्रस्तावित की है, वह स्वागत योग्य है। पानी की कमी से जूझ रहे 100 जिलों के लिए सघन प्रयासों के प्रस्ताव के लिए भी उन्होंने केंद्र को धन्यवाद दिया है। बिहार प्रदेश युवा जदयू के अध्यक्ष सह विधायक अभय कुशवाहा ने बजट को हर वर्गों के लिए हितकर बताया है। साथ ही पर्यावरण और कृषि के लिए सराहनीय कहा है। युवा जदयू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रियरंजन पटेल ने इनकम टैक्स में छूट की सीमा बढ़ने से सामान्य वर्ग के लिए हितकर बताया है। युवा जदयू के राष्ट्रीय सचिव रंजीत कुमार झा ने गरीब, किसानों और मिडिल क्लास के लिए बजट को फायदेमंद बताया है। युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह सेतु ने कहा कि आने वाला वर्ष युवाओं के नाम होगा जिसमें युवाओं को अवसर मिलेंगे।

You may have missed