September 14, 2026

24 घंटे में बिहार में 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, पुलिसिया सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

पटना। बिहार में हत्याओं का दौर जारी है। अपराधी बेखौफ होकर किसी भी घटना को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस उन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असमर्थ साबित हो रही है। जिससे लोगों में भय का माहौल कायम हो गया है। लोग पुलिसिया सुरक्षा पर सवाल उठाने लगे हैं। बीते गुरूवार को पटना जिला के बख्तियारपुर के सैदपुर गांव में एक पुराने विवाद को लेकर उसके चचेरे भाई ने दूल्हा बना युवक की गोली मारकर हत्या कर दिया था। ताजा घटना बेगूसराय में घटी, जहां जमीनी विवाद में अपराधियों ने चाचा-भतीजे को गोली मार दी, जिसमें भतीजे की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में महिला मुखिया की हत्या कर दी गई है। बेगूसराय में 24 घंटे की अंदर हत्या की दूसरी वारदात है। जबकि वैशाली जिले में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। वहीं तीन दिन पहले बजरंग दल के नेता की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हाजीपुर बंद रहा।
बेगूसराय में चाचा-भतीजे को मारी गोली, भतीजे की मौत
बेगूसराय के घटना बलिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में भूमि विवाद में चाचा-भतीजे को अपराधियों ने गोली मार दी। इसमें भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा का इलाज चल रहा है। उसकी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार पहाड़पुर गांव के रहनेवाले संजय महतो का पड़ोसी नंद किशोर महतो से भूमि विवाद काफी दिनों से चल रहा था। बताया जाता है कि इसी विवाद को लेकर नंद किशोर महतो अपने परिजन और अपराधियों के साथ संजय महतो के घर पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके पर ही संजय महतो की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा रामदेव महतो बुरी तरह घायल हैं।
बेगूसराय में ही महिला मुखिया की हत्या
इसके बाद बेगूसराय में ही शुक्रवार की देर शाम महिला मुखिया की अपराधियों ने हत्या कर दी। घटना बेगूसराय के नावकोठी गांव की है। मिली खबर के अनुसार नावकोठी प्रखंड की समसा पंचायत की मुखिया हेमा मौर्य को अपराधियों ने उस समय गोली मारी, जब गांव में सरस्वती की प्रतिमा का विर्सजन चल रहा था। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है।
वैशाली में व्यवसायी की हत्या
शुक्रवार को ही वैशाली के बेलसर ओपी क्षेत्र के पटेढा गांव निवासी गुलशन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने जारंग रामपुर गांव के गर्ल्स हाई स्कूल के निकट वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। बता दें कि वैशाली के हाजीपुर में तीन दिन पहले बजरंग दल के नेता की हत्या हो गई थी, जिसके विरोध में आज लोगों ने हाजीपुर को बंद रखा था। देर शाम के बाद दुकानें खुलीं।
सीतामढ़ी में देर रात युवक को गोलियों से भूना
सीतामढ़ी के मेहसौल ओपी क्षेत्रान्तगर्त आदर्श नगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात बदमाशों ने 22 साल के एक युवक की गोली मार हत्या कर दी। उसके सीने में दो गोली मारी गई। पुलिस ने इसे गैंगवार बताया है। पुलिस के अनुसार, मृतक अपराधी प्रवृत्ति का था। हालांकि, मृतक के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। मृतक की शिनाख्त मोलू सिंह के रूप में की गई है। मोलू सुप्पी थाना क्षेत्र के कंसारा गांव का रहनेवाला था। एसपी अनिल कुमार ने मृतक के अपराधिक प्रवृत्ति के होने की पुष्टि की है।

You may have missed