पटना जंक्शन पर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची ट्रेन: बोगियों की कपलिंग टूटी, मची अफरा-तफरी

पटना। राजधानी के पटना जंक्शन के आउटर पर पूर्णिया-हटिया एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची है। ट्रेन स्टेशन से चली ही थी, आउटर पर पहुंचते ही जोरदार आवाज हुई और दो बोगियों के बीच की कपलिंग टूट गई। तेज आवाज के साथ झटका देते हुए ट्रेन अचानक से रुक गई। जिसके बाद यात्री डर गए और आनन-फानन में ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर आ गए। ट्रेन से सफर कर रहे यात्री बलवीर कुमार सिंह ने बताया कि वो जहानाबाद के रहने वाले हैं। पूर्णिया हटिया एक्सप्रेस से गया जा रहे थे। ट्रेन के अंदर बैठे थे, तभी अचानक तेज झटका लगा फिर गाड़ी रुक गई। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त ट्रेन यात्रियों से भरी हुई थी। बीते एक घंटे से गाड़ी प्लेटफार्म नंबर 10 के आउलर पर खड़ी है। टेक्निकल टीम और अधिकारी प्रेशर पाइप और आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने में लगे हैं। राहत की बात ये थी कि ट्रेन प्लेटफॉर्म से निकली थी ही और ट्रैक चेंज हो रहा था, इसी बीच हादसा हुआ। अगर स्पीड ज्यादा होती तो हादसा हो सकता था। वहीं जहानाबाद जाने वाले सुमित सिंह ने कहा कि 2-3 जगह से कपलिंग टूटी है। ट्रेन काफी देर से रूकी हुई है। हमें भी जोरदार झटका लगा। राजेंद्र नगर से पटना जंक्शन की ओर आने वाली ट्रेन ट्रैक पर जाम होने की वजह से अभी पटना जंक्शन नहीं आ रही है। युद्ध स्तर पर टेक्निकल टीम बोगी को दुरुस्त करने में लगी हुई है।

You may have missed