PATNA : नौबतपुर में गोलीबारी के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, दुकान बंद कर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
पटना। राजधानी पटना के नौबतपुर में व्यापारियों पर हुई गोलीबारी के विरोध में दूसरे दिन भी दुकानदारों ने अपनी-अपनी प्रतिष्ठाने बंद रखी है। इसको लेकर व्यापारियों ने मंगलवार को बाजार में एक विरोध मार्च निकाला। विरोध मार्च में शामिल दुकानदार पूरे बाजार में घूम-घूम कर लोगों से अपनी-अपनी प्रतिष्ठानों को बंद कर प्रदर्शन करने और प्रशासन से अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि नौबतपुर का बाजार थाना से महज 200 से 400 मीटर की दूरी पर बसा है। इसके बावजूद भी अपराधी दुस्साहस का परिचय देते हुए बाजार में रंगदारी की मांग करते हैं। अपराधी खुले आम हथियार लेकर घूमते हैं और व्यापारियों को अपना निशाना बनाते हैं। दुकानदारों ने कहा कि इस बात की सूचना थाना को देने पर थाना के पदाधिकारी या तो फोन रिसीव नहीं करते या फिर सूचना देने के घंटे बाद मौके पर पहुंचते हैं। व्यापारियों का यह कहना है कि नौबतपुर बाजार में पूर्व मुखिया और एक व्यापारी को अपराधियों ने शाम के वक्त गोली मार दी। घटना के 48 घंटे से अधिक गुजर जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। व्यापारियों ने कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी प्रशासन को उपलब्ध करा दिया गया है। अपराधियों की पहचान भी हो चुके हैं। इसके बावजूद भी अभी तक पुलिस ने कोई कड़ा कदम नहीं उठाया है। 24 घंटे के अंदर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो नौबतपुर के सभी व्यापारी अपनी-अपनी दुकानों को बंद करके उच्च पथ को जाम कर देंगे। जिसकी पूरी जवाब देही प्रशासन को होगी। वहीं दूसरी तरफ एम्स में इलाजरत होम्योपैथिक डॉक्टर सह पूर्व मुखिया बृजभान प्रसाद की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मंगलवार की सुबह उन्हें वेंटिलेटर पर ले जाया गया है।


