December 4, 2025

पटना के प्रसिद्ध डॉक्टर से रंगदारी मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, नकली पिस्टल समेत दो मोबाइल बरामद

पटना। प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ आरएन सिंह से रंगदारी मांगने के मामले में रौशन सिंह और अभिषेक कुमार नाम के दो युवकों की गिरफ्तारी हुई है। इनके पास से दो मोबाइल, एक नकली पिस्टल और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अभिषेक कुमार सालिमपुर और रौशन सिंह कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पीसी कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फोन से पैसे की सहायता मांगने के बाद रौशन सिंह, पिता (स्व.बिंदु सिंह) बुलेट बाइक से कंकड़बाग स्थिति आरएन सिंह के निजी क्लीनिक पर भी गया था। वहां भी उसकी गतिविधि नजर आई है। नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी भरत सोनी ने बताया कि इनलोगों के द्वारा लोकल लोगों को भी डरा धमकाकर रंगदारी मांगी जाती थी। चिड़िया मारने वाली पिस्टल से ये लोगों को डराते थे। डॉक्टर आरएन सिंह से पैसे की डिमांड की गई थी। कितने की रंगदारी मांगी गई थी, इस सिलसिले में पुनः बयान लिया जाएगा। दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी पाया गया है। कंकड़बाग थाने में दो कांड आर्म्स एक्ट और एक्सटर्सन के मिले हैं। गांधी मैदान का भी एक मामला है। बहरहाल, इनके आपराधिक इतिहास के बारे में और छानबीन की जा रही है।

You may have missed