August 13, 2026

कृषि मंत्री सर्वजीत ने सरकारी गाड़ी को किया वापस, महागठबंधन सरकार का टूटना तय

  • कृषि मंत्री सर्वजीत बोली- राजद समर्थन वापस लेगी, राज्यपाल को सौंपेगी चिठ्ठी

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार की महागठबंधन सरकार अस्थिर हो गई है। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के बाद पीएम नरेंद्र मोदी को सीएम नीतीश कुमार की ओर से खुलकर धन्यवाद किए जाने और इसी दौरान परिवारवाद पर उनकी टिप्पणी के बाद बवाल मच गया है। बिहार के राजनीति में असमंजस की स्थिति है। इसी बीच खबर हैं बिहार में लालू के राजद और नीतीश के जेडीयू का गठबंधन टूटने की कगार पर है। शनिवार को नीतीश कुमार ने राजद कोटे के मंत्रियों के कामकाज पर रोक लगा दी है। इसके बाद राज्य के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने सरकारी गाड़ी लौटा दी है। इधर दिल्ली से पटना पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिंह ने कहा है कि दुनिया ने मोदी का सुशासन देखा है। अब बिहार की जनता भी मोदी का सुशासन देखना चाहती है। वहीं कांग्रेस ने बिहार के हालात पर नजर रखने के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ऑबजर्वर नियुक्त किया है। राजद कोटे के कृषि मंत्री सर्वजीत ने कहा कि नीतीश सरकार से राजद समर्थन वापस लेगी। राबड़ी आवास पर राजद के विधायकों की बैठक है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद राजद राज्यपाल को समर्थन वापसी का चिठ्ठी सौंपेगी। वही इसी बीच बिहार में जारी सियासी गहमागहमी के बीच नीतीश कुमार की नजदीकी लगातार भाजपा के साथ बढ़ती जा रही है। आज वह बक्सर में बीजेपी के कद्दावर नेता अश्विनी चौबे के साथ दिखे। आपको बता दें कि सीएम नीतीश अपने मंत्री अशोक चोधरी के साथ एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बक्सर पहुंचे थे। वही अब इसके बाद माना जा रहा हैं की बिहार में तेजी से बदल रहे सियासी घटनाक्रम का पटाक्षेप होने वाला है। अगले एक-दो दिन में बिहार में फिर 2020 के फॉर्मूले पर जदयू और भाजपा यानी एनडीए की सरकार बनने की संभावना है। इस सरकार के भी मुखिया नीतीश कुमार ही होंगे। इसके साथ ही भाजपा की बैठक प्रदेश कार्यालय में होगी। माना जा रहा है कि विधायकों का हस्ताक्षर युक्त समर्थन बैठक के बाद भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप देगी।

You may have missed