पटना में चोरी की बाइक के साथ अपराधी गिरफ्तार, एक देसी और 2 जिंदा कारतूस को पुलिस ने किया जब्त
पटना। दानापुर थाना क्षेत्र के जनकधारी लाल रोड भट्ठा पर से चोरी की बाइक अपराधी गिरफ्तार हुआ है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। सोमवार की शाम आठ बजे दानापुर टेम्पु स्टैंड में पुलिस की गश्ती टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली थी कि अजय कुमार उर्फ बिलाई गोप अपने जनजधारी लाल रोड भट्ठी पर स्थित घर में चोरी की बाइक रखे हुए है। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के निर्देशानुसार छापेमारी की गई। जैसे ही पुलिस वहा पहुंची तो देखा की अजय उर्फ बिलाई गोप अपने घर के बाहर ब्लू रंग की पैशन प्रो गाड़ी पर बैठा हुआ है। पुलिस को आता देख वह भागने लगा। जिसे पुलिस बल के द्वारा खदेड़ कर पकड़ लिया गया। वहीं, पुलिस की अचानक इस तरह की कार्रवाई देख आसपास के लोग जुट गए। पकड़े गए अपराधी अजय कुमार उर्फ बिलाई गोप की तलाशी ली गई तो उसके कमरे के बाएं तरफ से एक लोडेड देशी कट्टा और उसके पॉकेट से एक जिंदा कारतूस बरामद की गई। जब्त गाड़ी की जांच की गई तो उक्त गाड़ी चोरी की पाई गई। इसके बाद पुलिस बल के द्वारा उक्त बदमाश को पुलिस थाने ले आई। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया की गुप्त सूचना के आधार पर अजय कुमार उर्फ बिलाई गोप को चोरी के बाइक, एक लोडेड कट्टा, एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी का अपराधिक इतिहास रहा है। पहले भी कई बार दानापुर थाना से जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।


