बिहार के कई जिलों में तेजी से बढ़ा तापमान, पटना में गर्मी का टूटा रिकॉर्ड

पटना। बिहार में राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश की राजधानी सबसे अधिक गर्म है। यहां के तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बता दे की पटना का अधिकतम तापमान मंगलवार को सामान्य से पांच डिग्री की वृद्धि के साथ 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल 28 फरवरी को 29.7 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को राजधानी समेत प्रदेश के 26 जिलों के अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में बदलाव की स्थिति बनी रहेगी। पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विज्ञानी आशीष कुमार की मानें तो सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड रहेगी। वहीं, मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए रहे। धूप निकली तो गर्मी की रफ्तार तेज होती गई। शहर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वही अब अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 5-8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्य रूप से पछिया हवा चलने की संभावना है।

About Post Author