बिहार पुलिस में जल्द शामिल होंगी 500 नई गाड़ियां, 85 करोड रुपए की राशि को मिली मंजूरी

पटना। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की रफ्तार तेज करने की तैयारी शुरू हो ही गई है। बिहार पुलिस में 500 नई गाड़ियां शामिल होने जा रही है। जिस पर लगभग 85 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। बिहार गृह विभाग ने इस फंड के लिए अपनी स्वीकृति दे दी है। बता दें कि बिहार पुलिस में लंबे समय से पुरानी गाड़ियों से काम चलाया जा रहा था। जिसकी जगह नई गाड़ियों की खरीदी के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग के प्रस्ताव भेजा था। जानकारी के अनुसार स्वीकृत राशि में पुलिस के विभिन्न विभागों के लिए 79.24 करोड़ की लागत से 452 वाहन खरीदे जाएंगे। जबकि 6 करोड़ की राशि से ट्रैफिक विभाग के लिए गाड़ियों की खरीदी की जाएगी। पुलिस विभाग के लिए खरीदे जानेवाले गाड़ियों में 71 – मिनी बसें, 30 – बड़ी बसें, 277 – चारपहिया वाहन, 29 – मोटरसाइकिल,21 – इनोवा क्रिस्टा, 12- कैदी वाहन, 11 – वज्र वाहन, 01 – वाटर कैनन खरीदी जाएगी। इसी तरह ट्रैफिक पुलिस के लिए 46 गाड़ियों की खरीदी होगी। खरीदी की जानेवाली गाड़ियों में 21 इनोवा क्रिस्टा भी शामिल है। जो सीनियर अधिकारियों के लिए मंगाई जा रही है। जिसकी कुल लागत 6 करोड़ 25 लाख आएगी। वहीं 277 चार पहिया वाहनों में 14 लाख प्रति वाहन की दर से 36 करोड़ 26 लाख की लागत से 259 जबकि 16 लाख प्रति वाहन की दर से 2 करोड़ 88 लाख की लागत से 18 चारपहिया वाहन खरीदे जाएंगे। इसके अलावा 17.75 करोड़ की लागत से 71 मिनी बसें और 9 करोड़ की लागत से 30 बड़ी बसें खरीदी जाएंगी। इसके अलावा 12 कैदी वाहन, 11 वज्र वाहन और 29 मोटरसाइकिल की भी खरीद की जाएगी। करीब 85 लाख की लागत से एक वाटर कैनन भी खरीदा जाएगा।
