September 30, 2026

आरा में जहरीला भोजन खाने से एक ही परिवार के पांच बच्चे सहित 13 लोगों की बिगड़ी तबीयत

आरा । जिले के उदवंतनगर के घोड़पोखर गांव में शुक्रवार देर रात जहरीला भोजन खाने से एक ही परिवार के पांच बच्चे समेत 13 लोगों की हालत खराब हो गई। सभी को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। रात में भोजन करने के बाद परिवार के सभी लोगों की तबीयत खराब होने लगी।

13 लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर के पास जुट गए। बीमार लोगों में गंगाधर यादव, उनकी पत्नी शांति देवी, बेटा अंकित कुमार, तीन बेटी प्रियांशु कुमारी, पिंकी कुमारी, दीपा कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा अभिषेक कुमार, राम प्रयाग यादव,पवन कुमार, राहुल कुमार, बैजयांती देवी, लालझारो देवी और रिंकू कुमारी भी बीमार हैं।

बीमार लोगों के परिवार के धीरज कुमार ने बताया कि मशरूम की तरह बांसवारी में एक छते नुमा पौधा उगता है। उसी छते नुमा पौधे की सब्जी शुक्रवार शाम उनके घर में बनी थी। जिसे परिवार के सभी लोगों ने रात में खाया था।

भोजन करने के कुछ देर बाद परिवार के सभी लोगों को दस्त व उल्टी होने लगी। देखते ही देखते सभी की हालत काफी बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। हालांकि, सभी लोग खतरे से बाहर है।

You may have missed