PATNA : हॉस्टल में रह कर नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने पंखे से लटक किया सुसाइड, दो माह के अंतराल में एक ही परिवार से दो की मौत
पटना। पटना में नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने सुसाइड कर लिया। कुंवर सिंह पथ के नॉर्थ श्रीकृष्णापुरी स्थित हैप्पी ब्यॉज हॉस्टल में मृतक छात्र जितेंद्र कुमार रह रहा था। वह अररिया के नरपतगंज का रहने वाला था। 18 दिसंबर को उसकी चचेरी बहन निभा ने भी खुदकुशी कर ली थी। वह पटना के पत्रकार नगर में रहकर दारोगा बहाली की तैयारी कर रही थी। दो माह के अंतराल में एक ही परिवार से दो मौतों को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
बताया जाता है कि हैप्पी ब्यॉज हॉस्टल में छात्र जितेंद्र अपने गांव के ही दोस्त आयुष के साथ पिछले दो माह से रह रहा था। बुधवार को 11:40 बजे जितेंद्रे का साथी आयुष क्लास करके रूम पर आया। उसने जैसे ही गेट खोला, फंदे से लटकी जितेंद्र की लाश पर नजर पड़ी। उसने चिल्लाकर हॉस्टल के लड़कों को जानकारी दी। सुबह 7 बजे के करीब आयुष कोचिंग के लिए निकला था। उस वक्त जितेंद्र सोया हुआ था। जितेंद्र का साथी आयुष बोरिंग कैनाल रोड के ही विजन क्लासेज में पढ़ता है। जितेंद्र और आयुष की स्कूलिंग साथ में हुई है। हॉस्टल के कमरे के अंदर दो बेड थे, उसके बीच में पंखा लगा था, उसी में फंदा डालकर जितेंद्र उससे झूल गया। कमरे की हाइट करीब 10 फिट है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र ने मंगलवार की शाम को ही अपने गेट का पर्दा खोल लिया और सुबह इसी पर्दे के फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जितेंद्र के घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन नेपाल की एक लड़की से बात करने के लिए उसने अपना मोबाइल इंटरनेशनल रोमिंग करा रखा था। फिलहाल पुलिस अभी घटना के कारणों की जांच-पड़ताल कर रही है।
राजनीति प्रसाद के मकान में था हॉस्टल
हॉस्टल रिटायर्ड इंजीनियर राजनीति प्रसाद सिंह के मकान में चल रहा है। इसी के थर्ड फ्लोर पर छत है, इसी पर छोटे से कमरा में जितेंद्र रह रहा था। जितेंद्र अररिया के नरपतगंज से पटना रहकर तैयारी करने आया था। उसके पिता राजेन्द्र कारोबार करते हैं। जितेंद्र तीन भाई है। जितेंद्र के साथ उसी के गांव का एक लड़का आयुष के साथ पिछले दो महीने से रहता था। हॉस्टल का संचालन राजनीति प्रसाद के साले जंदाहा निवासी अशोक चौधरी करते हैं।


