सड़क नहीं तो वोट नहीं : निरपुरा के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
फुलवारी शरीफ। पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड के चिल्बिल्ली पंचायत के निरपुरा गांव के लोगों ने सरकार और स्थानीय सांसद, विधायक, मुखिया सहित अधिकारियों की अनदेखी से नाराज होकर गांव के बाहर बघड़ा रोड में कुरकुरी मोड़ के पास सड़क जाम दिया और सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा बुलंद किया। बघड़ा रोड से निरपुरा जाने वाली सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने सुबह 8 बजे से ही शुक्रवार को सड़क जाम कर विकास योजनाओं में सरकारी उपेक्षा से आक्रोशित होकर अपने गुस्से का इजहार करने लगे। युवाओं ने कहा कि अब बहुत हुआ जुल्म का वार, अब हमें दो हमारा अधिकार।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से निरपुरा गांव आने-जाने के लिए सड़क नहीं बनाई गयी। वर्षों पहले खड़ंजा लगाया गया था, उसी उखड़ा हुआ खरंजा और मिट्टी वाला टूटा-फूटा जर्जर रोड के सहारे ग्रामीणों को आवाजाही करना पड़ रहा है। इस सड़क की मरम्मत निर्माण कराने के लिए अनेकों बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायक से लेकर प्रखंड और जिला के अधिकारियों को कहा गया। लेकिन सबने इस गांव के आने-जाने वाले सड़क निर्माण की अनदेखी ही की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि विधानसभा चुनाव नजदीक है तो हर पार्टी के लोग वोट मांगने आने लगे हैं लेकिन अब इस गांव के लोगों को ठगा नहीं जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो सामूहिक रूप से पूरे गांव के लोग वोट का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों में निरपुरा वार्ड नंबर 11 वार्ड सदस्य बबलू गुड्डू, सुरेश राय सहित अन्य ने बताया कि स्थानीय सांसद केंद्र सरकार में मंत्री रहे और स्थानीय विधायक के 25 सालों से ऊपर बिहार सरकार में मंत्री रहने के बावजूद राजधानी पटना से सटे निरपुरा गांव जाने वाली सड़क का निर्माण नहीं करा पाए। इस बड़ी जन समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। इस बार आगामी विधानसभा चुनाव में यहां की जनता मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। वहीं सड़क जाम की खबर पाकर करीब ढ़ाई घंटे बाद मौके पर पहुंची बेउर थाना की पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।


