BIHAR : सोनिया गांधी ने महात्मा गांधी की आदमकद मूर्ति का किया अनावरण, केंद्र सरकार पर जमकर बरसी
वर्तमान सरकार की योजनाएं केवल कुछ लोगों को ही ध्यान में रखकर बनायी जा रही
कोरोना काल में मनरेगा नहीं होती तो लाखों लोग भुखमरी के शिकार हो जाते

पटना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 152वीं जयंती पर बिहार में उनके कर्मभूमि पूर्वी चंपारण के जिला कांग्रेस कार्यालय बंजरिया पंडाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद मूर्ति का अनावरण कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी ने वर्चुअल माध्यम से किया। सोनिया गांधी ने वर्चुअल गांधी चेतना रैली में गांधी मूर्ति के अनावरण के पश्चात कहा कि गांधी जी को महात्मा की उपाधि इसी चंपारण की भूमि पर उनके द्वारा किये गए सत्याग्रह के बाद राष्ट्रकवि रविन्द्र नाथ टैगोर ने दी थी। गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी गरीब, मजदूर, किसानों के लिए लड़ने वाले महामानव थे, जिन्होंने अपने देश ही नहीं वरन पूरे विश्व का मार्गदर्शन करने का काम किया। शास्त्री जी के जन्म जयंती पर उन्हें याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री ने विकास को सही मायने में सबका विकास की परिकल्पना को साकार करने का काम किया। बेरोजगारी पर सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार ने मनरेगा का भरी संसद में विरोध किया और आज कोरोनाकाल में वहीं मनरेगा लाखों लोगों को भुखमरी से निकालने की योजना बनी। उन्होंने कहा कि चंपारण में जैसे कुछ लोगों ने नील की खेती करके लाभ कमाया था और आम किसान हाशिये पर थे, उसी तरीके से वर्तमान सरकार की योजनाएं केवल कुछ लोगों को ही ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। वर्तमान सरकार के शह पर कुछ लोग मालामाल हो रहे हैं। वहीं कांग्रेस सरकार में नीतियां आम जनता और गरीबों के हित को ध्यान में रखकर बनती है।
उन्होंने कहा कि सरकार लघु और कुटीर उद्योगों को बर्बाद कर रही है। आमजन को लाभ देने वाली योजनाओं को सरकार बंद कर रही है। यूपीए सरकार में नेताओं पर आरोप लगते जांच होती थी, हमने सूचना का अधिकार कानून लाकर सरकार की कार्यशैली को पारदर्शी बनाने का काम किया। वहीं वर्तमान सरकार किसानों, मजदूरों के लिए बने कानूनों और यहां तक की सूचना के अधिकार कानून को भी कमजोर कर रही है। उन्होंने बगैर किसी का नाम लिए कहा कि आजकल कुछ लोग जोर-शोर से गांधी जी का नाम लेकर उनके आड़ में सभी नाजायज कार्य कर रहें हैं। बापू के बताएं सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि भाजपा प्रत्येक इंसान को परेशान कर रही है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की बातों को अपने लाभ के लिए तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जीवन से हम सबको सीख लेकर एकजुट होकर असत्य से लड़ाई लड़नी होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन प्रेरणास्रोत है। गांधी जी के विचारों को आम जनमानस में जीवित रखने की कोशिश केवल कांग्रेस पार्टी ही करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बापू के बताएं सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलती है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री को उन्होंने जन्म जयंती पर नमन किया। इस मौके पर कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह, अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, डॉ. समीर कुमार सिंह, कौकब कादरी, राजेश कुमार, बंटी चौधरी, भावना झा, पूर्व मंत्री डॉ. ज्योति, अर्जुन मंडल, पूर्व विधायक अमरनाथ तिवारी, लाल बाबू लाल, सतीश कुमार, प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़, आनन्द माधव, जया मिश्रा, ब्रजेश प्रसाद मुनन, अम्बुज किशोर झा आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहें।
इस दौरान अनुसूचित जाति जनजाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन उदित राज समेत नोनिया बिन्द बेलदार जन महासंघ के संयोजक एवं सह संयोजक क्रमश: बच्चू प्रसाद बीरू और प्रमोद महतो, दीपक कुमार, मंजू चौहान, नवीन सिंह, सुनील कुमार के साथ पूरे बिहार से आये संगठन के पदाधकारी व लगभग एक हजार समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

