सीएम नीतीश के काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी लोजपा : प्रिंस राज

पटना। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने रविवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम के साथ ही जनता के बीच जाएगी, इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। उन्होंने लोजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में लालगंज विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे संजीव रंजन उर्फ बिट्टू गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ लोजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने मिलन समारोह के बाद लोजपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि 21 फरवरी से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। प्रिंस राज ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विगत 15 वर्षों में जो काम हुआ है, उसके साथ ही एनडीए इस बार के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगा। नीतीश कुमार ने जनता के हित में कई अच्छे काम किए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी मतदान केंद्रों पर लोजपा बूथ कमेटी बना रही है।
प्रिंस ने आगे कहा कि पार्टी की 14 अप्रैल को गांधी मैदान में विशाल रैली होने वाली है। इसी रैली के सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान 21 फरवरी से अपनी यात्रा आरंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारी को लेकर जिला इकाइयों की अच्छी भागीदारी होगी। इसे लेकर पार्टी के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। इस मौके पर लोजपा के प्रधान महासचिव डॉ शहनवाज अहमद कैफी, श्रम प्रकोष्ठ के रामजी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल व कृष्णा सिंह कल्लू सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

You may have missed