सिम्पी बलात्कार-हत्याकांड : राजद ने की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पटना। बिहार के गया जिले के बेलागंज प्रखंड के मेन थाना अन्तर्गत ग्राम कोरमथू टोला बेला में बीते 11 दिसम्बर को सिम्पी कुमारी की बलात्कार के बाद निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग राजद ने किया है।
राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने कहा कि 15 दिसम्बर को पार्टी के विधायक बागी कुमार वर्मा एवं सतीश दास ने मृतका सिम्पी कुमारी के पिता कारू महतो, भाई श्रवण कुमार एवं घर के अन्य सदस्यों के साथ ग्रामीणों से मुलाकात किया एवं हत्या के संबंध में जानकारी लिया। इस संबंध में मेन थाना कांड संख्या 41/20 मामला दर्ज है। ग्रामीणों एवं परिवार वालों ने जानकारी दी कि पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों को पुलिस एवं अभियुक्तों के द्वारा डरा-धमका दिया गया है, जिसके डर से वे लोग अभियुक्तों का नाम नहीं बता रहे हैं, वे काफी भयभीत हैं।
आलोक मेहता ने बताया कि मृतका सिम्पी के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलात्कार नहीं दिखाया गया है, मामला अत्यंत गंभीर है। प्रशासन के मिलीभगत से दोषी को बचाया जा रहा है। इस मामले को लेकर राजदने मांग किया कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर मृतका के परिवार के साथ न्याय किया जाय और दोषियों पर कार्रवाई हो, नहीं तो राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक सरकार को घेरने का काम करेगी।


