सीतामढ़ी : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरसंड में बनाए गए ओआरएस व जिंक कोर्नर का उद्घाटन
सुरसंड (सीतामढ़ी)। सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरसंड में बनाए गए ओआरएस व जिंक कोर्नर का उद्घाटन करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह ने कहा कि बच्चों में हो रही मृत्यु दर को कम करने के लिए इस अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो बुधवार से शुरू होकर 29 सितम्बर तक चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान आशा कार्यकर्ता प्रखंड अंतर्गत घर-घर जाकर ओआरएस का वितरण कर डायरिया से बचाव के बारे में उपाय भी बतायेंगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ओआरएस व जिंक कोर्नर बनाया गया है, जहां ओपीडी में आने वाले सभी दस्त मरीजों को दवा, उपचार व बचाव के बारे में जानकारी दी जायेगी और ओआरएस का पैकेट निशुल्क वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद पीरामल फाउंडेशन के बीटीओ मनोज कुमार ने बताया कि 1-19 वर्ष तक के बच्चों को एलबेंडाजोल का टैबलेट खिलाया जायेगा ताकि परजीवी कृमि से संरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि एलबेंडाजोल का टैबलेट खिलाने से शरीर में खून की मात्रा में बढ़ोतरी होती है और बच्चों का समुचित शारीरिक और मानसिक विकास होता है। मौके पर मौजूद प्रखड सामुदायिक उत्प्रेरक कमरे आलम ने बताया कि सघन दस्त नियंत्रण व राष्ट्रीय कृमि दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम साथ-साथ चलाया जा रहा है। इस अवसर पर बीएचएम विनय भूषण, लेखापाल विनोद कुमार, केयर इंडिया के बीएम प्रभात कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, एएनएम विन्दु कुमारी, अमन कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।


