February 17, 2026

समस्तीपुर रेल मंडल आधी आबादी के हाथों में, महिला पायलट ने दौड़ायी ट्रेन

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को महिला सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसको लेकर शनिवार को पूरी तरह से महिला कर्मी द्वारा संचालित समस्तीपुर-दरभंगा डेमू ट्रेन को महिला पायलट समस्तीपुर से दरभंगा ले गयी। इस ट्रेन को मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें लोको पायलट संयुक्त कुमारी, सहायक लोको पायलट कोमल कुमारी, गार्ड दीपा कुमारी के अलावे टीटी कृष्णा धार एवं सरिता कुमारी सहित अन्य कर्मी भी महिलाएं ही थी। बताया गया कि शनिवार व रविवार को समस्तीपुर-दरभंगा डेमू ट्रेन को पूरी तरह से महिला कर्मी ही संचालित करेंगी।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। इसी को लेकर समाज को जागरूक करने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल में पैसेंजर ट्रेन चलाई गयी, उसका पूरा संचालन महिलाओं के द्वारा ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि समस्तीपुर-दरभंगा डेमू ट्रेन नियमित रूप से महिला क्रू द्वारा ही चलाया जाए, इस पर हम काम कर रहे हैं और इसकी घोषणा शीघ्र कर दी जाएगी।
इस दौरान डीआरएम की पत्नी कल्पना माहेश्वरी ने कहा कि आज महिलाएं पूरी तरह से सशक्त हैं। भगवान ने महिलाओं को ये शक्ति दी है कि वह घर के साथ-साथ बाहर की भी जिम्मेवारी बखूबी निभा सकती है। इस अवसर पर उन्होंने उन सभी महिला कर्मियों को शुभकामनाएं दी, जो ट्रैक पर रेल चला रही हैं और हवाई जहाज उड़ा रहीं है या खेतों में काम कर रही हैं। इन सब को देख कर बहुत खुशी होती है।

You may have missed