सफलता : मोकामा में शराब और हथियार के साथ 6 सप्लायर गिरफ्तार, शराब और हथियार का करते थे धंधा
बाढ़। सहायक पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर चलाए गए छापामारी अभियान के दौरान मोकामा थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएसपी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान शराब और हथियार का धंधा करने वाले 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्कर शराब और हथियार बेचने का काम करते थे।

एएसपी लिपि सिंह ने बताया कि मोकामा थाना क्षेत्र से इनकी गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में कन्हैया कुमार, प्रशांत कुमार, गोलू कुमार, राजा कुमार, राहुल कुमार और अविनाश कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल तथा 16 लीटर हरियाणा निर्मित विदेशी शराब और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एएसपी ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि सिखारी चक में एक गैंग हथियार और शराब के धंधे में लिप्त है। उसी सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मोकामा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी दल में मोकामा इंस्पेक्टर राज नंदन, सब इंस्पेक्टर लालबाबू राम एएसआई राजेश सिंह, एएसआई प्राण मोहन सिंह सहित अन्य शामिल थे।

