वेतन की आधी राशि देने से मना करने पर बड़े भाई ने की मारपीट, मामला दर्ज
मसौढी। रंगदारी स्वरूप वेतन की आधी राशि देने से मना करने पर बड़े भाई ने छोटे भाई सह पंचायत शिक्षक के साथ मारपीट की। इधर पंचायत शिक्षक सह थाना के भेमपुरा ग्रामवासी शशि कुमार ने अपने बड़े भाई मणिकांत भास्कर के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक शशि कुमार प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय, थलपुरा में पंचायत शिक्षक है। आरोप है कि मणिकांत उससे उसके वेतन की आधी राशि की जबरन मांग करता है और नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी देता है। आरोप है कि बीते गुरूवार की शाम शशि कुमार जब थाना के सोनकुकरा स्थित अपने बागीचे के आश्रम में बैठा था तो अचानक मणिकांत वहां आ धमका और उसके साथ गाली गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगा। इसी बीच उसने डंडा से उस पर वार कर दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान मसौढ़ी बाजार से घर लौट रहे शशि के छोटे भाई प्रमोद कुमार ने उसे बचाया। शशि कुमार ने आशंका जताई है कि भविष्य में मणिकांत उसके साथ कोई अनहोनी घटना को अंजाम दे सकता है।


