नीतीश कुमार का विपक्ष पर तंज, लालटेन के सहारे अब नहीं है बिहार

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर चुनावी सभा में अपनी उपलब्धियों का जिक्र और विरोधियों पर निशाना साध  है। गुरुवार को सीवान के दरौंदा, मुजफ्फरपुर के पारू और मीनापुर विधानसभा में चुनावी सभा के दौरान उन्होंने विरोधियों को आड़े हाथों लिया। कहा, अब का बिहार लालटेन के सहारे नहीं है। बिजली की स्थिति में सुधार के मामले में हमने जो कहा था, वह कर के दिखाया। अब मौका मिला तो खेतों के लिए बिजली कनेक्शन पहुंचाएंगे। आज बिहार में बिजली की खपत देख लीजिए। अब सोलर लाइट से गांवों को जगमग करने का काम होगा। उन्होंने कहा कि हमने हर घर नल का जल वाला काम 83 प्रतिशत तक पूरा कर दिया। आगे मौका देंगे तो केंद्र और राज्य मिलकर बिहार के विकास को आगे बढ़ाएंगे। नीतीश ने लालू-राबड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि पति अंदर गए और पत्नी को बैठा दिया कुर्सी पर। उस समय महिलाओं की क्या स्थित थी। हमलोगों ने महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया, उन्हें आत्मनिर्भर बनाया। इसी मुजफ्फरपुर जिले में आकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिले, उन्हें जीविका से जोड़ा। आज पुलिस बल में बड़ी संख्या में महिलाएं हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि हमने टोला सेवक, तालीमी मरकज और विकास मित्र के जरिये वंचित तबकों तक शिक्षा पहुंचाई। रोजगार के अवसर दिए। आगे मौका दीजिएगा तो और भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने बिना किसी भेदभाव के सबका विकास किया। नीतीश ने कहा कि हमने 1.20 करोड़ महिलाओं को जीविका से जोड़कर रोजगार दिया, उन्हें आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने महिला सशक्तीकरण की भी चर्चा की। लालू-राबड़ी पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ लोगों को अपने परिवार की चिंता है। हमारे लिए तो पूरा बिहार ही परिवार है। कुछ लोगों को सेवा से कोई मतलब नहीं है। आगे मौका दीजिएगा तो और भी बेहतर काम करके दिखाएंगे। उन्होंने पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों को खोलने का भी जिक्र किया। बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली को भी अपनी उपलब्धि के रूप में गिनाया।

About Post Author

You may have missed