विद्युत संचरण टावर से अज्ञात चोरों ने लाखों का किया चोरी, बाढ़ से फतुहा ग्रिड के लिए मंगायी जानी है पावर
फतुहा। मोमिदपुर गांव के पास लग रहे विद्युत संचरण टावर से अज्ञात चोरों द्वारा लाखों रुपये की पार्ट्स चोरी कर ली गई। चोरों ने दो खड़े टावर के लेग हिस्से की सभी पार्ट्स खोलकर ढो लिए। यह टावर लार्सन एंड टुब्रो कंपनी के द्वारा लगाया जा रहा है। इस टावर से बाढ़ से फतुहा ग्रिड के लिए पावर मंगायी जानी है। टावर अभी निर्माणाधीन है। इसी दौरान चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि पावर ट्रांसमिशन लाइन संचरण के अधिकारियों को इस बात की जानकारी तब हुई जब उक्त कंपनी का सुपरवाइजर निरीक्षण करने टावर के पास पहुंचा। चोरों ने टावर संख्या 11 तथा 12 के निचले हिस्से से जिस तरह पार्ट्स पुर्जे खोलकर चोरी किया है, उससे दोनों टावर कभी भी तेज हवा में गिरकर क्षतिग्रस्त हो सकता है। इस संदर्भ में पावर ट्रांसमिशन लाइन संचरण के अधिकारी अरुण कुमार सिंह व सहायक अभियंता मनीष कुमार सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा भी लिया है। अधिकारियों के अनुसार करीब एक लाख रुपये की पार्ट्स चोरी किए गए हैं।


