February 16, 2026

BIHAR : लापता होने के आरोपों के बीच तेजस्वी ने की पिता लालू से मुलाकात, मिला राजनीति मंत्र

पटना। सत्ता पक्ष द्वारा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लापता होने के आरोपों के बीच बिहार चुनाव के बाद पहली बार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार को अपने पिता व राजद सुप्रीमो लालू यादव से मिलने के लिए रांची के रिम्स पहुंचे। हालांकि वे शुक्रवार को ही रांची पहुंच चुके थे। चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू यादव की सेहत पहले से ज्यादा खराब बतायी जा रही है। उनका किडनी का इलाज चल रहा है। इस बीच उन्हें देखने व हालचाल लेने के लिए तेजस्वी यादव रिम्स में अपने पिता लालू यादव से मुलाकात की। लालू से तेजस्वी की यह मुलाकात करीब पांच महीने बाद हुई। हालांकि विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी को फोन पर मार्गदर्शन मिलता रहा था। लालू ने आज भी बेटे तेजस्वी से बिहार की राजनीति पर विमर्श किया और पार्टी व संगठन की जानकारी लेने के साथ ही राजनीति के मंत्र दिए। बता दें बीते कई दिनों से जदयू तेजस्वी यादव पर हमलावर है, तेजस्वी के बिहार की राजनीति से गायब रहने और ट्विटर पर मौजूद रहने को लेकर कहा था कि तेजस्वी नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेवारी बखूबी नहीं उठा रहे हैं। वह हमेशा बिहार की राजनीति से गायब रहते हैं, ऐसे में वे आम लोगों की आवाज कैसे बन सकते हैं।
गौरतलब है कि लालू यादव इलाज के लिए रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। उनकी किडनी फोर्थ स्टेज में हैं। उन्हें अन्य 16 तरह की बीमारियां हैं। उनका इलाज कर रहे डॉ. उमेश प्रसाद का कहना है कि उनकी किडनी अब सिर्फ 25 प्रतिशत ही काम कर रही है। उन्हें डायलिसिस की कभी भी जरूरत पड़ सकती है। लेकिन वे हमेशा की तरह हंसते-बोलते रहते हैं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनके हेल्थ की निगरानी कर रही है।

You may have missed