PATNA : रेलवे की बड़ी लापरवाही से कार्यस्थलों से लेकर रेल कर्मचारियों के परिवार तक फैल रहा कोरोना!
स्टाफ स्पेशल ट्रेन में फुलवारी से बक्सर तक रहता है आम पैसेंजर का कब्जा, रेलकर्मियों को बैठने के लिए नहीं मिल रही सीट

फुलवारी शरीफ (अजीत)। स्टाफ स्पेशल ट्रेन में आम यात्रियों का कब्जा है। उक्त स्पेशल ट्रेन में फुलवारी से बक्सर तक सफर कर रहे आम पैसेंजर सीट पर कब्जा जमा बैठ जाते हैं और जिनके लिए यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है, उन रेलकर्मियों को खड़े-खड़े यात्रा कर अपनी ड्यूटी पर आना-जाना करना पड़ रहा है। कोरोना काल में बगैर मास्क लगाए यात्रियों के बीच सफर कर रहे रेलकर्मियों की स्वास्थ्य की हो रही अनदेखी को देखने वाला कोई नहीं है। ऐसे लापरवाही भरे यात्रा के बाद रेलकर्मियों को अपनी ड्यूटी बजाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो ट्रेन से लेकर रेल दफ्तरों और रेलवे कार्यस्थलों से लेकर रेलवे कर्मचारियों के घर परिवार तक कोरोना का जाल फैलाने से नहीं रोका जा सकता है।
मोहम्मद जफर हसन, अध्यक्ष, पूर्व मध्य रेल मजदूर कांग्रेस, हाजीपुर ने बताया कि स्टॉफ स्पेशल ट्रेन में पटना के फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन से रोज पटना से बक्सर तक के पैसेंजर बिना टिकट के सफर कर रहे हैं जबकि यह ट्रेन केवल रेल कर्मचारीयों के लिए चलाई जा रही है। हैरत की बात है कि स्टाफ स्पेशल ट्रेन में रेल कर्मियों को बैठने के लिए जगह नहीं मिलने के कारण किसी तरह खड़े होकर ड्यूटी करने आ-जा रहे हैं। इस बड़ी लापरवाही को कोई देखने वाला नहीं है। इस कोरोना काल में कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं, क्योंकि आम पैसेंजर बिना मास्क लगाए उसमें सवार हो जाते हैं, जो की कर्मचारियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि स्टाफ ट्रेन में आम पैसेंजर्स यात्रा कैसे कर रहे हैं, यह रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं दिखाई दे रहा है, यह समझ से परे है।

