मुंगेर फायरिंग मामला: विपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरा, घटना में डबल इंजन सरकार की भूमिका

पटना। मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान बीते दिन श्रद्धालुओं पर हुई फायरिंग के मामले ने बिहार चुनाव में विपक्ष को सत्ता पक्ष को घेरने के लिए बड़ा मुद्दा मिल गया है। इसे लेकर घटना के दिन से ही विपक्ष नीतीश सरकार पर लगातार हमलावर है और वहां के एसपी और डीएम को हटाने की मांग कर रही है।
मुंगेर में जनरल डायर जैसा आदेश दिया गया : तेजस्वी
इस मुद्दे पर बुधवार को महागठबंधन की ओर से आयेजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि मुंगेर में जनरल डायर जैसा आदेश दिया गया है? उन्होंने कहा कि मुंगेर में हुई घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। लोगों को समझ नहीं आया कि पुलिस लोगों को अचानक क्यों पीटने लगी। इस घटना में डबल इंजन सरकार की भूमिका है। तेजस्वी ने मांग किया है कि मुंगेर की घटना की जांच हाईकोर्ट की ओर से संचालित जज की कमेटी द्वारा करायी जाए और मुंगेर के डीएम और एसपी को तुरंत हटाया जाए।
सुरजेवाला बोले- मां दुर्गा के भक्तों पर चलाई गोली
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मुंगेर की घटना सुनकर ही रूह कांप जाती है। “निर्दयी कुमार और निर्दय मोदी” की सरकार बिहार में है। मां दुर्गा के भक्तों पर गोली चलाई गई। जिन भक्तों के माथे पर माता की चुनरी थी, उन भक्तों के शरीर को लाल कर दिया गया। माता की मूर्ति को घेर कर बैठे लोगों बहुत निर्दयता से लाठीचार्ज किया गया। आठ लोगों को गोली लगी। एक युवक के माथे को उड़ा दिया गया। उसकी मां बिलख-बिलख कर रो रही है। इससे बड़ी निर्लज्जता कुछ हो सकती है क्या। सुरजेवाला ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी आपका इम्तिहान है, आपके मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने इंसानियत का जनाजा निकाल दिया है। नरेन्द्र मोदी आप नीतीश-मोदी की सरकार को बर्खास्त करके जाइएगा। नहीं तो माना जाएगा संलिप्तता है। पीएम को 12 करोड़ जनता को जवाब देना होगा।
बर्बर तरीके से किया गया लाठीचार्ज : लेफ्ट पार्टी
लेफ्ट पार्टी के जुड़े नेताओं ने भी घटना का आलोचना करते हुए कहा कि अब तक किसी अफसर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, यह हद है। मुंगेर में बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया गया। महिलाओं-बच्चों पर भी गोली चलाई गई है। माले की ओर से कविता कृष्णन और सीपीएम की तरफ से अवधेश कुमार प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed