January 28, 2026

मुंगेर : पुलिस कर्मियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाया गया सैनिटाइजेशन जोन

मुंगेर। पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मुंगेर पुलिस कार्यालय में सैनिटाइजेशन जोन बनाया गया है। सैनिटाइजेशन जोन का शुभारंभ एसपी लिपि सिंह ने किया। पुलिस कार्यालय में कई विभाग संचालित होते हैं, जहां काफी संख्या में पदाधिकारी और कर्मी काम करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सैनिटाइजेशन जोन बनाया गया है। कर्मियों को पहले हाथ धोने के लिए हैंडवॉश और वाटर स्टैंड लगाया गया है। इसके बाद एक शू प्लेट लगाया गया है। शू प्लेट में सैनिटाइजर और ब्लीचिंग पाउडर युक्त पानी रखा रहता है, जिस पर सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को अपने पैर रखने होते हैं ताकि उनके जूते के सोल धूल सकें। इसके बाद दो स्प्रे फैन लगाए गए हैं। स्प्रे फैन की तरफ हथेली पंखों की तरफ फैलानी होती है ताकि उनका पूरा शरीर और हाथ सैनिटाइज हो सके। इसके बाद एक कारपेट पर उनको चलने के लिए कहा जाता है ताकि उनके भींगे हुए जूते सूख जाएं और तभी वे कार्यालय में प्रवेश करेंगे।

लिपि सिंह ने बताया कि सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को इसी प्रक्रिया का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस महामारी के बीच पुलिसकर्मी और पदाधिकारी फ्रंटलाइन पर रहकर काम कर रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है। सैनिटाइजेशन जोन को लगातार कार्यरत रखने का निर्देश दिया गया है। इसे धीरे-धीरे सभी पुलिस प्रतिष्ठानों में लागू कराया जाएगा।

You may have missed