PATNA : महिला बीडीओ पर जानलेवा हमला मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, डीएम ने बीडीओ से की मुलाकात, सरपंच समेत पांच पर नामजद प्राथमिकी
पटना। पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के घोसवरी ब्लॉक में गुरूवार की देर शाम महिला बीडीओ के ऊपर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों का गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से घोसवरी प्रखंड मुख्यालय में तनाव कायम है। वहीं जख्मी बीडीओ कामिनी देवी ने एक सरपंच समेत पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए जानलेवा हमला करने, जमकर पिटाई करने, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने के साथ सरकारी मोबाइल की चोरी का भी गंभीर आरोप लगाया है। इस दौरान पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने अस्पताल जाकर बीडीओ कामिनी देवी से मुलाकात की। इसके बाद घोसवरी थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य अपराधियों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी, सरेंडर नहीं करने पर उनके घर की कुर्की होगी।


चैंबर से बाहर निकलने पर हमला
बता दें कुर्मीचक पंचायत में प्रहलादपुर पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव होना है। इसके लिए घोसवरी ब्लॉक कार्यालय में तीन लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन दाखिल करने वालों में पहले से अध्यक्ष रहीं सुनीता कुमारी, बलराम यादव और अखिलेश यादव शामिल हैं। गुरुवार को हुई स्क्रूटनी में बीडीओ ने सुनीता कुमारी का नामांकन पास कर दिया, जबकि बलराम यादव और अखिलेश यादव के नामांकन को अयोग्य करार देते हुए रद्द कर दिया था। जिन दो उम्मीदवारों का नामांकन रद्द किया गया था, उनके समर्थक बीडीओ के चैंबर बाहर इकठ्ठा हो गए थे। सभी बीडीओ पर सुनीता कुमारी से प्रेरित होकर उनका नामांकन पास करने व बाकियों का रद्द करने का आरोप लगा रहे थे। इसी बीच बीडीओ जब अपने चैंबर से बाहर निकलीं तो पहले से ही करीब 20 लोग साजिश के तहत वहां मौजूद थे। गाड़ी पर चढ़ने के क्रम में बीडीओ पर तीन-चार लोगों द्वारा अचानक हमला कर दिया। उनका बाल खींचकर इस कदर पीटा गया कि बीडीओ का सिर फट और वह लहुलुहान हो गई। कामिनी देवी को कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर और गार्ड ने बचाया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की सूचना मलते ही स्थानीय पुलिस एक्टिव हो गई और आरोपियों को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापामारी शुरू कर दी। इस दौरान दो आरोपी को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार से पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं अन्य आरोपियों को पकड़ने में पुलिस जुटी हुई है।
रसीद दिखाने पर अड़ गई थी बीडीओ
एक पंचायत पर एक पैक्स बनता है। इसमें अध्यक्ष के साथ 9 सदस्य कार्यकारिणी में शामिल होते हैं। इसमें वोटिंग का अधिकार सदस्य और सह सदस्यों के पास होता है। खेती करने वाले किसान इसके सदस्य होते हैं। सदस्य बनने के लिए को-आॅपरेटिव बैंक में 11 रुपए का चालान जमा करना पड़ता है। जिन दो लोगों का नामांकन अध्यक्ष पद के लिए रद्द किया गया, उनके सदस्यों की रसीद नहीं थी। कल से ही बीडीओ रसीद देखने के लिए अड़ी हुई थी। रसीद को लेकर राज्य सरकार की तरफ से ही एक आदेश जारी किया गया था।

