मसौढी शहर के 12 वार्डों में नहीं हुई सफाई व कूड़े का उठाव, सफाईकर्मी रहें हड़ताल पर
संवाद सहयोगी, मसौढी। न्यूनतम मजदूरी समेत अन्य मांगों को लेकर बुधवार को आउटसोर्सिंग के सफाई कर्मी हडताल पर रहे। इस कारण बुधवार को नगर परिषद क्षेत्र के 12 वार्डों समेत शहर की मुख्य सड़कों की सफाई व कूड़े का उठाव नहीं हो सका। गौरतलब है कि पिछने दिनों नगर के 12 वार्डों व मुख्य सड़कों की सफाई के लिए आउटसोर्सिंग की व्यवस्था की गई थी। इधर इस बाबत जब कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने सफाईकर्मियों की हड़ताल के प्रति अनभिज्ञता जताई। उन्होंने बताया कि इस संबंध आउटसोर्सिंग का जिम्मा जिस एजेंसी को दिया गया है, वह ही कुछ बता सकता है। इधर, वार्ड पार्षद शशिभूषण कुमार ने आरोप लगाया है कि बिना समुचित उपकरण के ही 12 वार्डो व शहर की मुख्य सड़कों की सफाई व्यवस्था आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की पिछली बैठक में भी उन्होंने यह मामला उठाया था।


