मदन मोहन का सीएम नीतीश पर कटाक्ष: शिक्षकों-छात्रों को कतार में लगा कर क्या दिखाना चाह रहे?

पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा जल जीवन हरियाली के लिये बनाये जा रहे मानव श्रृंखला पर कटाक्ष करते हुये कहा है कि किस बात का मानव श्रृंखला, जबकि इस सरकार की मानवता तक मर चुकी है। शिक्षकों और छात्रों को कतार में लगा कर मुख्यमंत्री अपना चेहरा चमकाने का प्रयास कर रहे हैं, पर अगर थोड़ा भी ध्यान राज्य की शिक्षा पर दिया होता तो बिहार में शिक्षा का यह हाल ना होता। नीति आयोग की रिपोर्ट इस बात की पुष्टि कर रही है। राज्य के प्रत्येक भाग में प्रतिदिन अपहरण, बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाएं हो रही है लेकिन इस तरफ राज्य सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ नियोजित शिक्षक एवं वित्त रहित कॉलेज एवं संस्थान में अनुदान नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ चुनाव नजदीक आने पर जल जीवन हरयाली पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार 2005 से बिहार का बागडोर संभाले हुए हैं लेकिन अब तक उन्हें पर्यावरण की सुध नहीं आई। डॉ. झा ने कहा कि पर्यावरण में सुधार लाने के लिए सारे प्रयास होने चाहिए, लेकिन जनता की मूलभूत समस्या, महंगाई बेरोजगारी, अपराध, बलात्कार, हत्या, लूट की लगातार घट रही घटनाओं पर सरकार को संज्ञान लेना चाहिए।

You may have missed