February 15, 2026

BIHAR : मंत्री मुकेश सहनी ने संभाला पदभार, कहा- पशुपालक एवं मत्स्यपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना पहला लक्ष्य

पटना। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी ने बुधवार को विकास भवन के तीसरे तल्ले पर अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनका पहला लक्ष्य पशुपालक एवं मत्स्यपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना होगा। उन्होंने कहा कि मेरे कार्य की शैली बिल्कुल स्पष्ट व लक्ष्योन्मुखी होगी। उन्होंने अपने विभाग के सभी निदेशालयों के निदेशक को निर्देश दिया कि सभी अपने-अपने विभाग का लघु अवधि एवं दीर्घ अवधि की प्लानिंग कर आगे का कार्य करेगें।
मंत्री मुकेश सहनी ने पदभार संभालने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी नौकरी नहीं, सेवा करेंगे। मेरे मंत्रित्व काल में सभी पशुपालक भाईयों तक मत्स्यपालकों के विकास का कार्य इस तरह से किया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर लाभुकों को पारदर्शी तरीके से मिल सके। मछुआरा बंधुओं को मछली उत्पादों का विपणन का साधन मुहैया कराया जाएगा, ताकि उन्हें सही मूल्य मिल सके। इसी तरह पशुपालकों के लिए चल रही योजनाओं का कर्यान्वयन भी किया जाएगा ताकि योजनाओं का लाभ सीधे पशुपालकों तक पहुंचे।
उन्होंने इस दौरान अपने विभाग के सचिव को 09 बिंदुओं पर कार्य करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए, जो प्राथमिकता के आधार पर किये जायेगें। इस मौके पर डॉ. एन श्रवण, निदेशक पशुपालन वी. कार्तिकेय घन, निदेशक मत्स्य धर्मेंद्र सिंह, निदेशक गव्य, विशेष सचिव मधुरानी ठाकुर आदि लोग उपस्थित रहे।

You may have missed