भारत की धरती से पाक को ट्रंप ने दिया कड़ा संदेश, आतंकियों को जड़ से खत्म करे

CENTRAL DESK : सोमवार को विश्व के सबसे ताकतवर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारतीय जमीन पर कदम रखते ही पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। भारत के दो दिवसीय दौरे पर गुजरात के अहमदाबाद शहर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ने लोगों से खचाखच भरे मोटेरा स्थित दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम से पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकियों के जड़ को खत्म करे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन लगातार इस संबंध में पाकिस्तान के संपर्क में है। साथ ही उनका प्रशासन पाकिस्तान में पनप रहे और जड़ें जमा चुके आतंकवाद को खत्म करने के मुद्दे पर बेहद सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रहा है। पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंध काफी बेहतर हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान ने शुरूआत भी की है, लेकिन आतंकवाद को खत्म करने के लिए उसे ठोस कार्रवाई करनी ही होगी।
विश्व के सबसे बड़े स्टेडियम से ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ही अपने नागरिकों को इस्लामिक आतंकवाद से बचाने के लिए वचनबद्ध और एकजुट हैं। दोनों ही देशों ने आतंकवाद को करीब से देखा है। अमेरिका में उनकी सरकार बनने के बाद उन्होंने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है। इस्लामिक स्टेट को खत्म करने के लिए अमेरिका ने पूरी ताकत के साथ उस पर हमला किया और उसको जड़ से खत्म करने में सफलता भी हासिल की। आज उनकी सरकार के दौरान आईएस के खात्मे के अलावा इसके सबसे बड़े नेता और इसके सबसे बड़े राक्षस अल बगदादी को मार गिराया गया। इतना ही नहीं बीते पांच वर्षों में अमेरिकी फौज ने आईएस से जुड़े दूसरे बड़े आतंकियों को तलाश कर मारने में सफलता हासिल की है। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के मद्देनजर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम होगा। यह दक्षिण एशिया की स्थायी तौर पर शांति के लिए भी जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता है। हर देश को ये हक है कि वह अपनी सीमा को पूरी तरह से सुरक्षित करे। भारत और अमेरिका आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने को लेकर एक ही तरह से सोचते हैं, इसलिए साथ हैं।

You may have missed