भागलपुर में बोले चिराग : नीतीश कुमार 10 नवंबर तक के लिए ही बिहार के CM
भागलपुर। लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के पहले से ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार हमलावर हैं। उनकी नाराजगी को दूर करने के लिए भाजपा नेताओं ने पूरी कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। चिराग के हमले को लेकर तरह-तरह के चर्चे राजनीतिक गलियारों में होती रही और अंतत: लोजपा ने अकेले दम पर बिहार के 143 विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का निर्णय किया। चिराग के हर चुनावी जनसभा में नीतीश कुमार ही निशाने पर हैं। शुक्रवार को भागलपुर के सैंडिस मैदान में आयोजित चुनावी सभा में चिराग ने मुख्यमंत्री पर जमकर हमला बोला। जनता जनार्दन से पूछा- बोलिए, सीएम को बदलना चाहिए कि नहीं। लोजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में चिराग पासवान करीब 25 मिनट बोले। इन 25 मिनट में से 20 मिनट तक चिराग सिर्फ मुख्यमंत्री की नीतियों और कामकाज की आलोचना करते रहे और यह भी कहा कि नीतीश कुमार अगले 10 नवंबर तक के लिए ही बिहार के सीएम हैं।
चिराग ने नीतीश कुमार की तुलना अंग्रेजों से करते हुए कहा कि उनकी नीति है बांटो और राज करो। जातियों और उपजातियों में, पिछड़ों व अतिपछड़ों में, दलितों व महादलितों में बांटकर वह वोट के रूप में इस्तेमाल करते हैं। बिहार में एक ही जाति है। वह है गरीबों की जाति। जरूरत गरीबों के उत्थान की है। इनको अच्छी शिक्षा और रोजगार देने की जरूरत है। बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट के तहत राज्य का विकास करने के लिए लोजपा को सरकार बनाने का मौका यहां के लोग दें। इसके लिए लोजपा प्रत्याशी को वोट करें।
चिराग ने सीएम नीतीश की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय को लेकर एक बार फिर सवाल उठाया। कहा कि सात निश्चय योजना में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। लोजपा की सरकार बनी तो योजनाओं की जांच कराई जाएगी। दोषियों को जेल भेजा जाएगा। बिहार के लोग शिक्षा और रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। बिहार को उस लायक बनाने की जरूरत है कि दूसरे राज्यों के लोग यहां शिक्षा और रोजगार के लिए आएं। आखिर में उन्होंने अपने पिता को याद किया और कहा कि अब वो इस दुनिया में नहीं हैं। मैं जंगल में अकेला एक शेर की तरह निकला हूं। आपका साथ चाहिए।


