September 16, 2025

बेगूसराय में मिला कोरोना पॉजिटिव मरीज, पटना-बेगूसराय सीमा सील

पटना। बेगूसराय में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पटना जिला प्रशासन ने बेगूसराय-पटना बॉर्डर को सील कर दिया है। इनमें से एक मरीज ऐसा भी है, जो विदेश से पटना लौटा था और पटना होकर ही वह अपने घर बेगूसराय पहुंचा था। मरीज इस दौरान पटना में कहां-कहां रुका, किसके संपर्क में आया तथा किस रास्ते से होकर गांव लौटा, इसकी जानकारी ली जा रही है। बेगूसराय में अब तक चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी है। पटना-बेगूसराय सीमा पर वैसे ही वाहनों को आने-जाने की इजाजत दी है, जो अति आवश्यक सेवा में लगे हैं। खाद्यान्न लदे वाहनों की जांच करने के बाद ही पटना में आने की इजाजत दी गई है।
डीएम ने बाढ़ अनुमंडल के एसडीओ और डीएसपी को मोकामा प्रखंड में लगने वाले बेगूसराय सीमा को सील करने का निर्देश दिया है। सीमा पर वे दोनों खुद अपने स्तर से व्यवस्था करें, वाहनों के आने जाने पर सख्ती बरतें। किसी भी कीमत पर अनावश्यक वाहनों का परिचालन नहीं हो, इसकी व्यवस्था करें। इसके अलावा मोकामा प्रखंड के अन्य वैसे रास्ते जो बेगूसराय को जाते हैं, वहां भी बैरियर लगाने को कहा गया है।
बता दें बेगूसराय के बछवारा में एक मस्जिद में 11 लोगों के छिपे होने की सूचना वहां के मुखिया द्वारा दी गई थी। जिला प्रशासन ने 11 को पकड़कर कोरोना वायरस जांच कराई, इसमें 2 लोगों में बीमारी की पुष्टि हुई है। यह ऐसे लोग हैं जो पटना में भी आए थे। मार्च में ही विदेश से लौटे थे।

You may have missed