बिहार चुनाव : प्रथम बार मत देकर रोमांचित दिखे युवा, लोगों में जबरदस्त उत्साह
पटना। बिहार में बुधवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो चुका है। पहले चरण की तरह वोटिंग को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। वोटिंग शुरू होने से पहले ही लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कुछ बूथों पर 7.30 बजे तक कतार भी लग गई। शहरों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में लोगों में उत्साह ज्यादा दिया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना प्रोटोकाल का भी पालन हुआ। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किये गए थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान भी सुबह सुबह ही वोट डालने पहुंचे। पहले चरण की वोटिंग में भी बिहार ने शानदार जज्बा दिखाया था। बता दें दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों पर वोटिंग हुई। इसी के साथ बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा 165 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया।


प्रथम बार मत देकर रोमांचित हुए युवा
गर्दनीबाग की रहने वाली शिखा कर्ण और शीतल कर्ण ने अपने भाई सूरज कर्ण के साथ जिंदगी में पहली बार मतदान किया। गर्दनीबाग रोड नंबर 01 में बालक मध्य विद्यालय पर दीघा विधानसभा के बूथ संख्या 337 पर तीनों ने पहली बार अपना मतदान किया। पहली बार मत देने से खुश तीनों ने कहा कि उन्होंने अपना मत राज्य के विकास, अपराध की समाप्ति और महिला के विकास के लिए दिया है। तीनों पहली बार वोट देकर बहुत खुश दिखे, साथ ही आशा व्यक्त किया कि बिहार में विकास की ओर ले जाने वाले की ही सरकार बने।
उधर, ग्रामीण मतदाताओं में भी जबरदस्त उत्साह दिखा। नालंदा के बूथ नंबर 286 पर मतदान करने के लिए पुरुष और महिलाओं की कतार दिखी। सीवान में महाराजगंज के माघी गांव में वोट देने के लिए सुबह 7 बजे से पहले ही लोग पहुंच गए। हालांकि यहां पर ज्यादातर के चेहरे पर मास्क नहीं थे। चुनाव में लगे अधिकारियों ने लोगों को इस पर टोका।

