September 18, 2025

बिहार के नए मुख्य सचिव बने अरुण कुमार सिंह, दीपक कुमार बने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तो चैतन्य संभालेंगे गृह, सुबहानी बने विकास आयुक्त

पटना। बिहार में 8 सीनियर आइएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। अब बिहार के नए मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को बनाया गया हैं। 1985 बैच के आइएएस अरुण सिंह सोमवार को पदभार संभालेंगे। इससे पहले वे विकास आयुक्त थे। वहीं पूर्व मुख्य सचिव दीपक कुमार को मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बनाया गया है। रविवार को कार्यमुक्त हो रहे मुख्य सचिव दीपक कुमार की गिनती मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास अधिकारियों में होती है। वे 29 फरवरी 2020 को रिटायर होने वाले थे, लेकिन राज्य सरकार ने 6 महीने के लिए उन्हें सेवा विस्तार दिया था। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को अरुण कुमार सिंह की जगह विकास आयुक्त का पद दिया गया है। जबकि चैतन्य प्रसाद को जल संसाधन विभाग से स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
इनका भी हुआ तबादला
चैतन्य प्रसाद निबंधन, उत्पाद एवं मद्य निषेध के भी प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार पर बने रहेंगे। इसके अलावा कला संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव रवि मनु भाई परमार को लघु जल संसाधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया। संतोष कुमार मल्ल को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है, साथ ही वे पर्यटन विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। एससी-एसटी विभाग के सचिव प्रेम सिंह मीणा को वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है। वित्त विभाग के सचिव दिवेश सेहरा को एससी-एसटी विभाग का सचिव बनाया गया है। ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस को अगले आदेश तक जल संसाधन विभाग के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प. चंपारण के रहनेवाले हैं मुख्य सचिव
आइएएस अरुण कुमार सिंह बिहार के नए मुख्य सचिव के तौर पर सोमवार को पदभार संभालेंगे। अरुण सिंह बिहार के प. चंपारण के रहनेवाले हैं। वे इसी साल 31 अगस्त को रिटायर करेंगे। इससे पहले अरुण सिंह विकास आयुक्त के अलावा बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक का पद भी संभाल रहे थे। मुख्य सचिव अरुण सिंह काफी सालों तक जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा पथ निर्माण विभाग और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में भी सचिव रहे हैं।

You may have missed