February 16, 2026

बिहार के किसानों से समर्थन मांगने बिहार आये किसान आंदोलन के नेता गुरनाम सिंह, क्या कहा जानें

पटना। दिल्ली के बॉर्डर पर बीते एक पखवाड़े से ज्यादा दिनों से चल रहे किसान आंदोलन के नेता अब बिहार के किसानों से समर्थन मांगने बिहार आये हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने सोमवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि अगर एमएसपी की गारंटी का कानून बनता है तो बिहार का धान 1000 रुपये और मक्का 800 रुपये में नहीं, बल्कि 1850 रुपए में बिकेगा। इसी तरह बाकी फसलों के भाव भी बढ़ेंगे। बिहार के किसानों की दशा बदल सकती है। इसलिए बिहार के किसानों का इस आंदोलन में भाग लेना अतिआवश्यक है।
चढूनी ने कहा कि 2006 में एपीएमसी के टूटने का सबसे ज्यादा प्रभाव बिहार पर देखने को मिला है। एमएसपी पर फसल ना बिकने के कारण बिहार का किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है। मजदूरी करने के लिए भी उन्हें बाहर दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है, जबकि बिहार की जमीन उपजाऊ है, पानी बहुत अच्छा है व खेती करने वाले लोग सभी बिहार में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में एमएसपी लागू हो, इसके लिए देशभर में आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन में बिहार के किसान व मजदूर को पूरी तरह कूद जाना चाहिए। हमारे देश को पूंजीपति हड़प रहे हैं, जिससे गरीब और अमीर के बीच की खाई बढ़ती जा रही है। हमारे देश में एक पूंजीपति की आय 90 करोड़ रुपये प्रति घंटा तक पहुंच गई है, वहीं गरीब नागरिक की आय 9 रुपये प्रति घंटा भी नहीं है।

You may have missed