December 7, 2025

PATNA : बिहटा में संपत्ति विवाद में पति-पत्नी की हत्या से सनसनी, पुलिस का कुछ और है कहना

बिहटा। पटना के बिहटा में पति-पत्नी की हत्या का मामला सामने आने के बाद चारों ओर सनसनी फैल गई। जहां एक ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश के बिगड़े कानून व्यवस्था को लेकर ताबड़तोड़ बैठक कर सख्त हिदायत दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपराधी ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर सुशासन पर सवाल उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात बिहटा थाना क्षेत्र के बहपुरा रामपुर में संपत्ति विवाद को लेकर दम्पति की जघन्य हत्या करने का मामला प्रकाश में आया। इस जघन्य घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस की होश फाख्ता हो गयी। मौके वारदात पर पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में लेनी चाही, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। लोग वरीय अधिकारी एवं फॉरेंसिक जांच टीम को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे। मृतक की पहचान दीपक उर्फ दीवाली कुमार (40) एवं उनकी पत्नी संगीता देवी (36) के रूप में की जा रही है। बताया जाता है कि दम्पति को कोई संतान नही था। जिसके कारण उसके गोतिया उसकी पैतृक संपत्ति को हड़पने में लगे थे। मृतक दीपक कुमार मानसिक रूप से बीमार था। जिसके कारण उसके ससुराल वाले उनकी मदद कर रहे थे।


इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया पत्नी की हत्या कर पति द्वारा फांसी लगा लेना प्रतीत हो रहा है। पत्नी के सर पर चोट तथा पति के फांसी पर लटकने के कारण गले पर निशान हैं। पत्नी की लहूलुहान शरीर जमीन पर गिरा हुआ था। जबकि पति फांसी के फंदे से लटक रहा था। घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया है। जांचोपरांत मामला स्पष्ट होगा।

You may have missed